Kanpur Crime: उत्तर प्रदेश में कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में बुधवार देर रात गोलीकांड से सनसनी फैल गई। खाना खाने के बाद घर के बाहर खड़े 26 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फायरिंग की आवाज सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो युवक जमीन पर गंभीर हालत में पड़ा था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान गिरजा शंकर के रूप में हुई है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अचानक गूंजी गोली बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब 10 बजे गिरजा शंकर खाना खाने के बाद अपने घर के दरवाजे पर खड़े थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले तो गिरजा शंकर जमीन पर पड़े मिले। गोली लगने से उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, वारदात के बाद गांव में भी तनाव की स्थिति बन गई। पुरानी रंजिश को बताया जा रहा हत्या का कारण परिजनों ने गांव के ही कुलदीप कुमार पुत्र राम औतार पर हत्या का आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद और रंजिश चली आ रही थी। इसी विवाद के चलते हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और वारदात में आरोपी की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। घटना के बाद से आरोपी के फरार होने की बात सामने आई है, जिसके चलते पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही पुलिस सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसीपी अंकित कुमार के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर और सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ये भी पढ़ें: सड़कों के गड्ढों को लेकर व्यापारियों का अनोखा प्रदर्शन, हाथ में कटोरा लेकर जताया विरोध