Gooddu Pandit-Archana Panda: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पूर्व विधायक श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित एक बार फिर विवादों में हैं। उनकी तीसरी पत्नी और कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा से कथित मारपीट का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक व्यक्ति महिला के बाल पकड़कर उसे जमीन पर घसीटता और मारपीट करता दिखाई दे रहा है। अर्चना ने इस व्यक्ति की पहचान गुड्डू पंडित के रूप में की है। बेटे की सुरक्षा की चिंता घटना शिकारपुर बाईपास रोड स्थित ओल्ड आरटीओ ऑफिस के पास अर्चना पांडा के आवास की बताई जा रही है। अर्चना ने शुक्रवार को शिकारपुर थाने पहुंचकर अपने पति के खिलाफ शिकायत दी और खुद के साथ-साथ अपने बेटे समर की सुरक्षा की मांग की। दरवाजा खुलते ही शुरू हुआ विवाद अर्चना के मुताबिक, गुरुवार को वह अपने बेटे के साथ घर में मौजूद थीं। आरोप है कि इसी दौरान गुड्डू पंडित उनके घर पहुंचे और दरवाजा पीटते हुए हंगामा करने लगे। दरवाजा खोलने पर कथित तौर पर उन्होंने अर्चना को धक्का दिया, जिससे वह गिर गईं। इसके बाद मारपीट और बाल खींचकर घसीटने का आरोप है। अर्चना की चीख सुनकर घर का नौकर मौके पर पहुंचा और मोबाइल से घटना रिकॉर्ड करने लगा। वीडियो बनता देखकर आरोपी पीछे हट गया। इसके बाद अर्चना घर से बाहर निकलकर पुलिस को सूचना देने पहुंचीं। मुकदमे वापस लेने का दबाव लगाने का आरोप अर्चना ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उन्हें और उनके बेटे को लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि उन पर अदालत में चल रहे मामलों को वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। अर्चना ने कहा कि वह किसी भी स्थिति में मुकदमे वापस नहीं लेंगी। उन्होंने अपनी और बेटे की सुरक्षा के लिए 24 घंटे महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की है। हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुई थीं अर्चना अर्चना पांडा पहले समाजवादी पार्टी की महिला सभा की राष्ट्रीय महासचिव रह चुकी हैं। हाल ही में उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा था, जिसके बाद उन्हें उत्तर प्रदेश कांग्रेस में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। गुड्डू पंडित की पहली पत्नी काजल शर्मा, दूसरी पत्नी शीतल और तीसरी पत्नी के रूप में अर्चना पांडा का नाम सामने आया है। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि अर्चना की शिकायत प्राप्त हुई है। वायरल वीडियो और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ये भी पढ़ें: मुझे थोड़ा समय दें, जल्द दिखेगी नई प्लानिंग… राम मंदिर CEO जितेंद्र मिश्रा का बड़ा बयान