Maintenance Coach Fire: शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के मालगोदाम के पास शनिवार दोपहर ट्रैक मेंटेनेंस कोच में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। इसी दौरान कोच के अंदर रखा सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। सिलिंडर फटने से हड़कंप घटना करीब दोपहर 1 बजे शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के पास शंटिंग लाइन पर हुई। यहां ट्रैक की मरम्मत और रखरखाव से जुड़े कई कोच खड़े थे। बताया जा रहा है कि एक कोच में रखी मशीन से अचानक आग भड़की और देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं। करीब 1:25 बजे सिलिंडर फटने की जोरदार आवाज सुनाई दी। धमाके के बाद राहत एवं बचाव में जुटे रेलवे कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों समेत अन्य लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागे। एक व्यक्ति घायल सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अब तक तीन फायर ब्रिगेड टीमें घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं। प्रयागराज डिवीजन के रेलवे अधिकारी लगातार स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। घटना में सिलिंडर फटने से एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। पुलिस और रेलवे प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। आग लगने के वास्तविक कारण की जांच की जा रही है। ये भी पढ़ें: राष्ट्रीय लोक अदालत में कुटुम्ब न्यायालय का कीर्तिमान, 69 पारिवारिक वादों का हुआ निस्तारण