Bahraich News: कतर्नियाघाट वन क्षेत्र के आसपास लगातार दहशत फैलाने वाले एक खूंखार तेंदुए को आखिरकार वन विभाग की टीम ने पिंजड़े में कैद कर लिया। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद पचासा गांव समेत आसपास के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। यह तेंदुआ कतर्नियाघाट के निशानगाड़ा वन रेंज के पचासा गांव में पिछले कई दिनों से सक्रिय था। बताया गया कि वह रात के समय आबादी वाले इलाकों में पहुंचकर मवेशियों को निशाना बना रहा था। इसके चलते ग्रामीणों में लगातार डर का माहौल बना हुआ था। युवक पर किया था हमला हाल ही में इसी तेंदुए ने पचासा गांव निवासी शुभम पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश के साथ-साथ तेंदुए को लेकर भय भी बढ़ गया था। इसके बाद वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव में पिंजड़ा लगाया और निगरानी बढ़ा दी। कई दिनों तक चले अभियान के बाद शनिवार सुबह तेंदुआ वन विभाग के लगाए पिंजड़े में फंस गया। टीम ने उसे सुरक्षित तरीके से कब्जे में लिया और अब उसे उपयुक्त स्थान पर ले जाने की तैयारी की जा रही है। 6 सप्ताह में 13 तेंदुए पकड़े गए कतर्नियाघाट क्षेत्र में तेंदुओं की बढ़ती गतिविधियों के बीच वन विभाग का अभियान लगातार जारी है। DFO कतर्नियाघाट अपूर्व दीक्षित के मुताबिक, पिछले छह सप्ताह में आसपास के इलाकों से कुल 13 तेंदुओं को पकड़ा जा चुका है। तेंदुए के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत जताई है, हालांकि वन विभाग आबादी वाले क्षेत्रों में वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। ये भी पढ़ें: बहराइच अधिशासी अभियंता के भ्रष्टाचार के खिलाफ सिविल डिप्लोमा इंजीनियर संघ का प्रदर्शन