daily news

Top 10 News In Noida 9 July 2026

Reported by Pushkar Shahi and edited by Pushkar Shahi

1-आशा कर्मियों का जोरदार प्रदर्शन

Mahoba News: अखिल भारतीय आशा कर्मचारी महासंघ,भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर गुरुवार को जनपद महोबा में आशा संगिनियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री को 17 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। राष्ट्रीय कार्यसमिति के निर्णय के अनुसार देशभर के जिला मुख्यालयों पर हो रहे इस प्रदर्शन में आशा कर्मियों ने नियमित वेतन, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन और एनएचएम में संविलियन की प्रमुख मांग उठाई।


2- नोएडा की iForte बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा ढहा

iForte Building Noida: लगातार हो रही बारिश के बीच नोएडा के सेक्टर-62 स्थित iForte बिल्डिंग में बड़ा हादसा हो गया। भारी बारिश के दौरान इमारत का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। देखते ही देखते मलबा बिल्डिंग के मुख्य प्रवेश द्वार तक फैल गया और नीचे खड़ी दो गाड़ियां इसकी चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।


3- UP वक्फ बोर्ड में बड़ा बदलाव तय?

Danish Ansari Statement: उत्तर प्रदेश में वक्फ बोर्ड के पुनर्गठन को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। प्रदेश सरकार के मंत्री और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष दानिश आजाद अंसारी ने संकेत दिए हैं कि राज्य में भी मध्य प्रदेश की तर्ज पर नया वक्फ बोर्ड गठित किया जा सकता है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत बोर्ड में दो गैर-मुस्लिम सदस्यों को शामिल करने के साथ-साथ महिलाओं और पसमांदा मुस्लिम समाज को भी प्रतिनिधित्व देने की तैयारी है। हालांकि इस विषय पर अंतिम फैसला अभी सरकार को लेना है।


4- अब सिर्फ सुरक्षा नहीं, पर्यटकों के दोस्त बनेंगे पुलिसकर्मी

Tourism Police Training: भारत में पर्यटन को सुरक्षित, व्यवस्थित और विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब देशभर के तीन लाख से अधिक पर्यटन पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे केवल कानून-व्यवस्था संभालने तक सीमित न रहें, बल्कि पर्यटकों के पहले मददगार, मार्गदर्शक और संकट के समय भरोसेमंद साथी भी बन सकें। सरकार का मानना है कि इस पहल से देश की पर्यटन व्यवस्था मजबूत होगी, विदेशी पर्यटकों का भरोसा बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।


5- स्कूटी सिखाने की आड़ में चलता था बाइक चोरी का खेल!

Noida Police Action: महिलाओं को स्कूटी चलाना सिखाने वाला एक ट्रेनर पर्दे के पीछे बाइक चोरी के गिरोह का सरगना निकला। नोएडा पुलिस ने इस हैरान करने वाले मामले का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के नेटवर्क की जांच में जुटी है।


6- चार दिन से लापता 4 साल के सिद्धार्थ का मिला शव

Ghazipur Crime News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में चार वर्षीय मासूम की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। भांवरकोल थाना क्षेत्र के गोड़ी खास गांव में चार दिन से लापता बच्चे का शव गुरुवार को उसके घर के पास ही बरामद हुआ। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


7- CM योगी की 701 करोड़ की सौगात

CM Yogi In Banda: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांदा दौरे के दौरान बुंदेलखंड के विकास को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने करीब 701 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य बुंदेलखंड को देश के सबसे विकसित क्षेत्रों में शामिल करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस बुंदेलखंड को कभी पिछड़ेपन, पलायन और समस्याओं के लिए जाना जाता था, वही क्षेत्र अब विकास की नई पहचान बना रहा है।


8- फतेहगंज टोल पर ‘साइड रास्ते’ का खेल?

Bareilly Viral Video: दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित फतेहगंज टोल प्लाजा को लेकर एक वायरल वीडियो ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि कुछ वाहनों को बिना टोल शुल्क दिए वैकल्पिक रास्ते से निकाला जा रहा है। मामले के सामने आने के बाद टोल व्यवस्था और राजस्व नुकसान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वायरल वीडियो में कुछ कमर्शियल और निजी वाहनों को टोल लेन से अलग रास्ते से गुजरते हुए दिखाया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आसपास के कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर पैसे लेकर वाहनों को बिना टोल दिए निकलवाया जा रहा है।


9- लाखों की रकम, महंगे गिफ्ट और टूटती शादी…

Ayodhya Donation Scam: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे सामने आ रहे हैं। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी अविनाश शुक्ला की निजी जिंदगी भी अब चर्चा का विषय बन गई है। जांच के दौरान सामने आई जानकारी के मुताबिक, अविनाश ने चोरी की रकम से अपनी एक महिला मित्र को महंगा मोबाइल फोन और करीब ढाई लाख रुपये उपहार में दिए थे।


10- फर्जी शिक्षक बाहर, अब वेतन भी होगा लौटाना!

Bihar Fake Teacher Scam: बिहार के शिक्षा विभाग ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे सरकारी नौकरी पाने वाले शिक्षकों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने 3,035 सरकारी शिक्षकों की सेवाएं समाप्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इतना ही नहीं, इन शिक्षकों से अब तक लिया गया वेतन और मानदेय ब्याज सहित वापस वसूलने का भी फैसला किया गया है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और कई शिक्षकों ने कार्रवाई से बचने के लिए इस्तीफा देना शुरू कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »