मनोरंजन

क्या बादशाह की दूसरी शादी में आई दरार? पत्नी ईशा रिखी के रहस्यमयी पोस्ट ने बढ़ाईं चर्चाएं

ईशा रिखी की रहस्यमयी इंस्टाग्राम पोस्ट के बाद रैपर बादशाह की दूसरी शादी में अनबन की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, दोनों ने अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Badshah And Isha: मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा उनकी दूसरी शादी को लेकर हो रही है। मॉडल और अभिनेत्री ईशा रिखी के सोशल मीडिया पर साझा किए गए कुछ भावुक पोस्ट के बाद दोनों के रिश्ते में अनबन और अलगाव की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, अब तक बादशाह या ईशा रिखी की ओर से इन चर्चाओं पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

रहस्यमयी इंस्टाग्राम पोस्ट

चर्चाओं की शुरुआत ईशा रिखी की हालिया इंस्टाग्राम पोस्ट से हुई, जिसमें उन्होंने लिखा कि “खामोशी का मतलब यह नहीं है कि मैंने चीजों को स्वीकार कर लिया है।” इस एक लाइन ने सोशल मीडिया पर कई तरह के सवाल खड़े कर दिए। लोग यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर उनके इस संदेश का इशारा किस ओर है।

पहले भी शेयर किया था भावुक संदेश
पहले भी शेयर किया था भावुक संदेश

पहले भी शेयर किया था भावुक संदेश

इस पोस्ट से कुछ दिन पहले ईशा ने एक वीडियो भी साझा किया था, जिसमें वह बादशाह के साथ नजर आई थीं। वीडियो में शादी की कुछ झलकियां भी शामिल थीं। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा था, “हर तूफान एक सबक है, हर प्रार्थना एक उम्मीद है।” इन दोनों पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, इन पोस्ट में कहीं भी बादशाह का नाम नहीं लिया गया और न ही किसी विवाद का स्पष्ट उल्लेख किया गया।

नए पोस्ट ने बढ़ाई उत्सुकता

ईशा रिखी के नए पोस्ट में उन्होंने लिखा कि कुछ लड़ाइयां ऐसी होती हैं, जिनके निशान दिखाई नहीं देते। उन्होंने यह भी कहा कि वह लंबे समय तक डर की वजह से चुप रहीं और उन्हें लगता था कि उनके पति के पास प्रभाव, ताकत और संसाधन हैं, इसलिए चुप रहना ही सुरक्षित विकल्प था। पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा कि उनकी खामोशी कभी सहमति नहीं थी, बल्कि खुद को सुरक्षित रखने का तरीका थी। अब वह डर की जगह हिम्मत को चुन रही हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह अभी पूरी कहानी बताने के लिए तैयार नहीं हैं, लेकिन यह दिखावा भी नहीं करना चाहतीं कि सब कुछ ठीक है।

सोशल मीडिया पर मिला समर्थन

ईशा रिखी की पोस्ट के बाद कई लोगों ने उनका समर्थन किया। अभिनेत्री जैस्मिन भसीन और पलक औजला समेत कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने उनके पोस्ट पर सकारात्मक टिप्पणियां कीं और उनका हौसला बढ़ाया।

आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

बादशाह की पहली शादी वर्ष 2012 में हुई थी, जो वर्ष 2020 में खत्म हो गई थी। इसके बाद उन्होंने ईशा रिखी से दूसरी शादी की। अब उनकी शादी को लेकर चल रही चर्चाएं सोशल मीडिया पर जरूर तेज हैं, लेकिन फिलहाल यह केवल अटकलें हैं। दोनों में से किसी ने भी रिश्ते में दरार, अलगाव या तलाक की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऐसे में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले आधिकारिक बयान का इंतजार करना उचित होगा।

ये भी पढ़ें: 10 दिन में बजट से ढाई गुना कमाई, लेकिन हॉरर या जॉम्बी? दर्शकों के बीच छिड़ी बड़ी बहस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »