Haiwaan Box office Collection Day: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी करीब 18 साल बाद बड़े पर्दे पर साथ नजर आई है। दोनों की नई क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म में अक्षय कुमार ने पहली बार अलग अंदाज में विलेन का किरदार निभाया है, जबकि सैफ अली खान एक दृष्टिबाधित किरदार में नजर आ रहे हैं। रिलीज के पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की शुरुआत हालांकि उम्मीद के मुताबिक मजबूत नहीं रही। एडवांस बुकिंग भी रही फीकी रिलीज से पहले ‘हैवान’ को लेकर दर्शकों के बीच खास उत्साह देखने को नहीं मिला। इसका असर एडवांस बुकिंग पर भी दिखाई दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म के 7,368 शोज के लिए करीब 44,176 टिकटों की प्री-सेल हुई। ब्लॉक सीटों को छोड़कर फिल्म ने एडवांस बुकिंग से करीब 1.03 करोड़ रुपये जुटाए, जबकि ब्लॉक सीटों को जोड़ने पर यह आंकड़ा लगभग 2.76 करोड़ रुपये रहा। 4 बजे तक सिर्फ 1.32 करोड़ सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के पहले दिन शाम 4 बजे तक ‘हैवान’ ने करीब 1.32 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। इस दौरान फिल्म की ऑक्यूपेंसी लगभग 10 फीसदी रही। हालांकि, ये शुरुआती आंकड़े हैं और रात तक कमाई में बदलाव हो सकता है। फिल्म का अंतिम ओपनिंग कलेक्शन देर रात के बाद ही स्पष्ट होगा। मिर्जापुर ने बिगाड़ा खेल? बॉक्स ऑफिस पर ‘हैवान’ को ‘मिर्जापुर द मूवी’ और ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्मों से कड़ी चुनौती मिल रही है। दोनों फिल्मों की मजबूत पकड़ के बीच नई रिलीज को दर्शक जुटाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौजूदा रुझान को देखते हुए फिल्म की पहले दिन की कमाई करीब 3 से 4 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। अगर दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती है, तो वीकेंड पर फिल्म की कमाई में उछाल आ सकता है। अक्षय बने विलेन ‘हैवान’ में अक्षय और सैफ के अलावा बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की 2026 में दूसरी फिल्म है। फिल्म मोहनलाल की मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ का रीमेक है। कहानी, स्टारकास्ट और दोनों कलाकारों के अलग-अलग किरदारों पर अब फिल्म की आगे की कमाई काफी हद तक निर्भर करेगी। ये भी पढ़ें: ‘हनुमान अंश’ का अनोखा सफर, गांव में भीड़ जुटाते डायरेक्टर का Video वायरल