मनोरंजन

पहले फ्लॉप का डर फिर ‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस पलटवार, कमाई देख रह जाएंगे हैरान

सिर्फ ₹10 लाख की ओपनिंग… फिर ऐसा क्या हुआ कि ‘हनुमान अंश’ ने 24 दिनों में ₹47 करोड़ पार कर लिए? तीसरे हफ्ते में बदली पूरी कहानी!

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Hanuman Ansh Box Office Collection: डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी की डिवोशनल फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा कमबैक किया है, जिसकी शुरुआत में किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। 7 अगस्त को महज 10 लाख रुपये की ओपनिंग लेने वाली यह फिल्म 24 दिनों में भारत में 47.33 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई तक पहुंच गई।

तीसरे हफ्ते बदली कहानी

फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी धीमी शुरुआत के बाद अचानक आई रफ्तार है। शुरुआती दो हफ्तों तक ‘हनुमान अंश’ दर्शकों के लिए खास आकर्षण नहीं बन सकी। पहले सप्ताह में फिल्म ने करीब 1.08 करोड़ रुपये नेट कमाए, जबकि दूसरे सप्ताह में लगभग 40 लाख रुपये का इजाफा हुआ। 14 दिनों के बाद इसकी कुल नेट कमाई महज 1.48 करोड़ रुपये थी। फिर तीसरे सप्ताह में कहानी पूरी तरह बदल गई।

15वें दिन बदली तस्वीर

फिल्म को दर्शकों से मिलने वाली प्रतिक्रिया का फायदा मिलने लगा। 15वें दिन इसकी कमाई करीब 15 लाख रुपये रही, लेकिन अगले ही दिन आंकड़ा बढ़कर 85 लाख रुपये पहुंच गया। 17वें दिन फिल्म ने पहली बार एक दिन में 2 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाते हुए करीब 2.20 करोड़ रुपये नेट का कारोबार किया।इसके बाद फिल्म की रफ्तार लगातार बढ़ती गई। तीसरे सप्ताह में ‘हनुमान अंश’ ने लगभग 10.40 करोड़ रुपये नेट कमा लिए। यह शुरुआती दो हफ्तों की संयुक्त कमाई से कई गुना ज्यादा था।

चौथे हफ्ते में टूटे कमाई के रिकॉर्ड

चौथे सप्ताह में फिल्म ने और बड़ा सरप्राइज दिया। शुक्रवार को करीब 6.25 करोड़ रुपये, शनिवार को 9.25 करोड़ रुपये और रविवार को अनुमानित 12.75 करोड़ रुपये नेट की कमाई हुई। यानी रिलीज के 24वें दिन फिल्म ने अपनी अब तक की सबसे बड़ी सिंगल-डे कमाई दर्ज की। रविवार की कमाई शनिवार के मुकाबले लगभग 37.8 फीसदी ज्यादा रही। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 24वें दिन तक फिल्म की भारत में नेट कमाई करीब 40.13 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 47.33 करोड़ रुपये पहुंच गया।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार चुनिंदा दिनों की भारत में नेट कमाई

पहला हफ़्ता: ₹1.08 करोड़
दूसरा हफ़्ता: ₹40 लाख
15वां दिन: ₹15 लाख
16वां दिन: ₹85 लाख
17वां दिन: ₹2.20 करोड़
18वां दिन: ₹1.25 करोड़
19वां दिन: ₹2.35 करोड़
20वां दिन: ₹1.50 करोड़
21वां दिन: ₹2.10 करोड़
तीसरा हफ़्ता: ₹10.40 करोड़
22वां दिन: ₹6.25 करोड़
23वां दिन: ₹9.25 करोड़
24वां दिन: ₹12.75 करोड़
कुल ₹40.13 करोड़

वर्ड ऑफ माउथ बना सबसे बड़ा हथियार

‘हनुमान अंश’ की सफलता का सबसे अहम कारण दर्शकों की प्रतिक्रिया मानी जा रही है। फिल्म को रिलीज के समय बड़े प्रमोशनल कैंपेन या स्टार पावर का फायदा नहीं मिला। इसके बावजूद धीरे-धीरे दर्शकों के बीच चर्चा बढ़ी और थिएटरों में इसकी मांग भी मजबूत होती गई। फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित बताई जा रही है, जिन्हें उनके अनुयायी महाराज-जी के नाम से भी जानते हैं। धार्मिक और आध्यात्मिक विषय ने खास दर्शक वर्ग को आकर्षित किया।

मेकर्स ने बड़े पारंपरिक प्रचार के बजाय कम्युनिटी इवेंट्स और भंडारे जैसे तरीकों के जरिए दर्शकों तक पहुंच बनाने की कोशिश की। इसका असर रिलीज के शुरुआती दौर के बाद देखने को मिला।

सिर्फ 2 करोड़ के बजट में बनी फिल्म

‘हनुमान अंश’ की सफलता इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इसे करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया बताया जा रहा है। भारत में 40.13 करोड़ रुपये की नेट कमाई के साथ फिल्म ने अपनी लागत के मुकाबले कई गुना ज्यादा थिएटर कलेक्शन किया है। कमजोर शुरुआत के बावजूद फिल्म का शो-काउंट भी धीरे-धीरे बढ़ा। दर्शकों की मांग को देखते हुए कई सिनेमाघरों में रिलीज के कई सप्ताह बाद भी इसके शो जारी रहे। यही वजह है कि फिल्म को बॉक्स ऑफिस की ‘स्लीपर हिट’ कहे जाने लगा।

कौन-कौन है फिल्म की स्टारकास्ट में?

फिल्म में शोभिनव सत्या मुख्य भूमिका में नीम करौली बाबा का किरदार निभा रहे हैं। उनके साथ चंदन के. आनंद, अनिल रस्तोगी, पूर्णिमा तिवारी और विहान शेडगे अहम भूमिकाओं में हैं। शोभिनव सत्या की कास्टिंग भी दिलचस्प रही। रिपोर्ट के मुताबिक, वह शुरुआत में फिल्म से असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर जुड़े थे, लेकिन बाद में मुख्य भूमिका के लिए चुने गए।

कुल मिलाकर, ‘हनुमान अंश’ की कहानी सिर्फ पर्दे पर दिखाई गई भक्ति की नहीं, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर एक ऐसी फिल्म की भी है जिसने 10 लाख रुपये की मामूली शुरुआत से 24 दिनों में 47 करोड़ रुपये से ज्यादा की ग्रॉस कमाई तक पहुंचकर सबको चौंका दिया।

ये भी पढ़ें: कौन है ये IAS तुकाराम मुंढे जिनके निशाने पर बॉलीवुड! शाहरुख, अजय और टाइगर को FDA का नोटिस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »