Aaj ka Mausam: दिल्ली-NCR में मानसून की दस्तक के बाद अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार सुबह से ही राजधानी और आसपास के इलाकों में घने बादलों ने डेरा जमा लिया, जिसके बाद कई क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत कई इलाकों में हुई झमाझम बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली। झमाझम बारिश ने बदला मौसम सुबह से आसमान में छाए काले बादलों के कारण कई इलाकों में दिन के समय अंधेरा जैसा माहौल बन गया। तेज हवाओं और बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। लंबे समय से गर्मी और उमस झेल रहे लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में बारिश का यह सिलसिला अभी जारी रहने की संभावना है। विभाग ने अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। दिल्ली में येलो अलर्ट जारी आईएमडी ने राजधानी दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश के कारण तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। लगातार बादल छाए रहने और बारिश होने से हवा में नमी कम महसूस होगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। जलभराव और ट्रैफिक को लेकर सावधानी बारिश के साथ प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, जिससे यातायात प्रभावित होने की संभावना है। लोगों से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें। बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। सुबह दर्ज हुआ अधिक तापमान मंगलवार सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2.1 डिग्री अधिक था। मौसम रिकॉर्ड के अनुसार, जुलाई महीने में यह अब तक के सबसे अधिक न्यूनतम तापमानों में शामिल रहा। फिलहाल मानसून की सक्रियता के चलते दिल्ली-एनसीआर में मौसम लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने लोगों से ताजा अपडेट पर नजर रखने और सावधानी बरतने की अपील की है। ये भी पढ़ें: दिल्ली की सड़कों पर दौड़ेंगी 300 नई ई-बसें, अमित शाह ने दिखाई हरी झंडी