भारत

दिल्ली की सड़कों पर दौड़ेंगी 300 नई ई-बसें, अमित शाह ने दिखाई हरी झंडी

अमित शाह ने दिल्ली में 300 नई ई-बसों को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा 4800 हुआ। ‘मिशन 70 लाख’ पौधरोपण अभियान भी शुरू किया गया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

300 New E-Buses: राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को आरके पुरम स्थित सेंट्रल पार्क से 300 नई इलेक्ट्रिक बसों को दिल्लीवासियों के लिए समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से 11 ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मिशन 70 लाख पौधरोपण

इस मौके पर दिल्ली सरकार ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर ‘मिशन 70 लाख’ पौधरोपण अभियान की भी शुरुआत की। अभियान के तहत दिल्ली के करीब दो लाख लोगों को ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। राजधानी के 250 वार्ड और 70 विधानसभा क्षेत्रों में जनभागीदारी के माध्यम से पौधरोपण किया जाएगा।

पौधों की डिजिटल निगरानी

सरकार का कहना है कि लगाए जाने वाले पौधों की निगरानी के लिए फेंसिंग और जियो टैगिंग की व्यवस्था की जाएगी। इससे पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और यदि किसी कारण से पौधों को नुकसान पहुंचता है तो वहां दोबारा पौधे लगाए जा सकेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से बड़े लक्ष्यों को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं, बल्कि दोनों साथ-साथ आगे बढ़ सकते हैं।

ग्रीन कवर बढ़ाने की पहल

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार ने ग्रीन कवर बढ़ाने के लिए बजट में विशेष प्रावधान किया है। राजधानी में 100 ऑक्सीजन पार्क विकसित करने की योजना है, जिनमें से 11 पार्कों पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने जोर दिया कि सिर्फ पेड़ लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल करना भी जरूरी है। इसके लिए आरडब्ल्यूए और सामाजिक संस्थाओं को भी सहयोग दिया जा रहा है।

दिल्ली का ईवी मिशन

ई-बसों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदूषण कम करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। 300 नई बसों के शामिल होने के बाद दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा करीब 4800 तक पहुंच गया है, जो देश के किसी भी शहर की सबसे बड़ी ईवी बस फ्लीट में शामिल है। सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2027 तक इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाकर 7000 और वर्ष 2028 तक 14000 तक पहुंचाई जाए। नई ई-बसों के संचालन से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ-साथ राजधानी में प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें: नितिन नवीन की सीट पर प्रशांत किशोर की एंट्री, बांकीपुर उपचुनाव में बढ़ा रोमांच

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »