Jabalpur Crime News: भोपाल के जबलपुर पुलिस के हत्थे एक ऐसा शातिर क्राइम मास्टर चढ़ा है, जो बाकायदा ‘चोरी की कोचिंग क्लास’ चलाता था। भोपाल से गिरफ्तार हुआ यह मास्टरमाइंड प्रेमनाथ उर्फ पप्पू और उसकी पत्नी मिलकर Gen-Z यानी कम उम्र के युवाओं को अपराध की दलदल में धकेल रहे थे और उन्हें पेशेवर चोर बनाने के लिए बाकायदा ट्रेनिंग देता था। पकड़े गए मुख्य आरोपी प्रेमनाथ उर्फ पप्पू पर मध्य प्रदेश समेत देश के कई अन्य राज्यों में 70 से ज्यादा चोरी और नकबजनी के मामले दर्ज हैं। हेड कांस्टेबल के घर हुई चोर इस पूरे रैकेट का खुलासा जबलपुर की अर्णव विहार कॉलोनी में पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल के घर हुई बड़ी चोरी के बाद हुआ। फरियादी राहुल तिवारी ने अपने घर में हुई चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होते ही जबलपुर पुलिस एक्शन मोड में आई और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी स्पाइडर-मैन टी-शर्ट और बैग लेकर चोरी करने पहुंचे थे, जिसके आधार पर पुलिस ने सबसे पहले गिरोह के तीन युवा सदस्यों 19 वर्षीय सूरज उर्फ दाऊ, 22 वर्षीय विजय उर्फ नाटी और 18 वर्षीय लखनलाल उर्फ साहिल को दबोच लिया। 10 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद जब पुलिस ने इन तीनों से कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने जो खुलासा किया, उससे पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। तीनों आरोपियों ने बताया कि इस चोरी में उनके साथ उनका ‘मास्टर’ प्रेमनाथ मल्लाह भी शामिल था। वही चोरी से पहले घर की रेकी करता था, पूरी प्लानिंग तैयार करता था और चोरी का माल ठिकाने लगाने की जिम्मेदारी भी उसी की होती थी। मुख्य आरोपी की पहचान होते ही पुलिस की एक विशेष टीम उसकी तलाश में जुट गई। लगातार दबिश देने के बाद आखिरकार जबलपुर पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी प्रेमनाथ उर्फ पप्पू को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ट्रेनिंग में रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। क्या सिखाते थे ट्रेनिंग में ? इस क्राइम की पाठशाला में रेकी कैसे करनी है, ताला कैसे तोड़ना है, चोरी के दौरान किन औजारों का इस्तेमाल करना है और वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस की नजरों से कैसे बचना है, इन सबकी बाकायदा क्लास ली जाती थी। कोचिंग लेने के बाद ये युवा गिरोह के सक्रिय सदस्य बनकर वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपी और साथी सुनार गिरफ्तार पूरे मामले में एएसपी सिटी आयुष जाखड़ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में प्रेमनाथ मल्लाह का नाम सामने आया, जो इस गिरोह का मास्टरमाइंड था। आरोपी पर जबलपुर, मध्य प्रदेश सहित आसपास के राज्यों में 70 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। वह युवाओं को चोरी की ट्रेनिंग देता था। आरोपी और सुनार जय प्रकाश सोनी को गिरफ्तार कर 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी प्रेम मल्लाह को रिमांड पर लिया है, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है। ये भी पढ़ें: जमुई में छात्रा से छेड़खानी के आरोपी का पुलिस एनकाउंटर, पैर में लगी गोली