PM Modi in Gujrat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी देश किसी संकट का सामना करता है, विपक्षी दलों को उसमें राजनीतिक अवसर दिखाई देने लगता है। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने ईरान में जारी तनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत जब एकजुट होकर परिस्थितियों से निपटने की कोशिश कर रहा है, तब कुछ लोग अफवाह फैलाने में लगे हैं। ईरान तनाव का जिक्र कर विपक्ष पर साधा निशाना पीएम मोदी ने कहा कि देश में खाद की कमी और गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर लोगों के बीच डर फैलाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बहनों और किसानों को गुमराह करने की कोशिश हुई, ताकि देश में अफरातफरी का माहौल बने और सरकार को बदनाम किया जा सके। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका उद्देश्य आखिरी सांस तक देशवासियों की सेवा करना है। बनासकांठा को 14 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इसके साथ ही पीएम-किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त भी जारी की गई। इसके तहत करीब 19 हजार करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेजे गए। कार्यक्रम की एक खास बात यह भी रही कि इसमें शामिल लोग कुर्सियों की जगह चारपाइयों पर बैठे थे। पीएम मोदी ने इस परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि बनासकांठा ने गांवों की पुरानी संस्कृति को फिर से जीवंत किया है। पांच गुना बढ़ा कृषि बजट किसानों के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि 2013 की तुलना में देश का कृषि बजट पांच गुना बढ़ चुका है। उनके मुताबिक, सरकार की विभिन्न नीतियों के माध्यम से किसानों को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का लाभ या बचत हुई है। उन्होंने बताया कि पीएम-किसान सम्मान निधि के तहत छोटे किसानों के खातों में साढ़े चार लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंचाई जा चुकी है। MSP पर मोदी का दावा MSP का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने पिछली सरकारों पर किसानों से वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में न्यूनतम समर्थन मूल्य के माध्यम से किसानों के खातों में 24 लाख करोड़ रुपये पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के छोटे किसान विकसित भारत की नींव हैं और सरकार उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। ये भी पढ़ें: राहुल गांधी का विपक्ष को खुला न्योता, रामलीला मैदान में 1 नवंबर को जुटेगा INDIA गठबंधन!