Supreme Court || SC Judges || CJI Suryakant: सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को न्यायिक व्यवस्था से जुड़ा एक अहम अध्याय जुड़ गया। भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने पांच नए न्यायाधीशों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, जिसके बाद शीर्ष अदालत में जजों की संख्या बढ़कर 37 हो गई है। यह पहली बार है जब सुप्रीम कोर्ट अपनी अधिकतम स्वीकृत क्षमता के इतने करीब पहुंचा है। कौन-कौन है शामिल नवनियुक्त न्यायाधीशों में वरिष्ठ अधिवक्ता वेंकिता सुब्रमणि मोहना, बॉम्बे हाई कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस श्री चंद्रशेखर, पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस शील नागू, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रहे जस्टिस संजीव सचदेवा और जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अरुण पल्ली शामिल हैं। हाल ही में केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में स्वीकृत न्यायाधीशों की संख्या 34 से बढ़ाकर 38 कर दी थी। पांच नई नियुक्तियों के बाद अब केवल एक पद रिक्त बचा है। हालांकि जून में दो न्यायाधीशों के सेवानिवृत्त होने से यह संख्या फिर बदल सकती है। सबसे ज्यादा चर्चा इन नियुक्तियों में सबसे ज्यादा चर्चा वेंकिता सुब्रमणि मोहना की है। वे जस्टिस इंदु मल्होत्रा के बाद दूसरी महिला हैं जिन्हें सीधे वकालत से सुप्रीम Court का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को न्यायपालिका में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन नए चेहरों के शामिल होने से सुप्रीम कोर्ट की कार्यक्षमता और लंबित मामलों के निपटारे में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। ये भी पढ़ें: NEET 2027 होगा ऑनलाइन या नहीं? पेपर लीक विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट में NTA का बड़ा खुलासा