आगराउत्तर प्रदेश

पत्नी की हत्या कर शव जलाकर अस्थियां यमुना में बहाईं… दृश्यम मूवी से लिया आईडिया!

आगरा जिले में एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी, इसके बाद घर में ही शव को जला दिया। आरोपी ने यमुना में अस्थियां बहा दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने गुमराह करने के लिए थाने में गुमशुदगी की शिकायत दी।

Reported by Vartika Singh and edited by Vartika Singh

Agra Murder Case: उत्तर प्रदेश के आगरा में पत्नी की कथित हत्या के बाद शव जलाने और अस्थियों को यमुना में बहाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी की गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई। मायके पक्ष की शिकायत के बाद जांच शुरू हुई तो पुलिस ने आरोपी पति लोकेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।

मामला अछनेरा थाना क्षेत्र के कुकथला गांव का है। लोकेंद्र की शादी 2022 में अकबरा निवासी चांदनी से हुई थी। दोनों की करीब दो साल की बेटी है। चांदनी के मायके वालों ने आरोप लगाया कि ससुराल में उसे प्रताड़ित किया जाता था और 10 लाख रुपये दहेज लाने का दबाव बनाया जा रहा था। भाई मनोज के मुताबिक, चांदनी के साथ अक्सर मारपीट होती थी।

गुमशुदगी की शिकायत से गहराया शक

चांदनी के लापता होने के बाद लोकेंद्र ने अछनेरा थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। इसके बाद उसके भाई मनोज ने भी पुलिस से बहन को तलाशने की गुहार लगाई। पुलिस बुधवार को गांव पहुंची तो घर और आसपास की परिस्थितियां संदिग्ध मिलीं। इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में लोकेंद्र ने चांदनी की हत्या के बाद शव को घर के पीछे बने टिनशेड में जलाने और अस्थियों को आगरा ले जाकर यमुना में विसर्जित करने की बात बताई।

परिवार के साथ पत्नी को तलाशने का करता रहा दिखावा

पुलिस के अनुसार, लोकेंद्र चांदनी के मायके वालों के साथ उसे तलाशने का दिखावा करता रहा। जांच के दौरान उसकी गतिविधियों पर पुलिस को शक हुआ और पूछताछ में मामले का खुलासा हुआ। चांदनी के भाई की तहरीर पर लोकेंद्र समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हत्या की वजह और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

बेटी को किराएदारों के पास छोड़ा

परिजनों के मुताबिक, घटना के दिन लोकेंद्र अपनी करीब दो साल की बेटी को किराएदारों के पास छोड़ गया था। बच्ची अपनी मां को याद करती रही।

पुलिस के मुताबिक, ‘दृश्यम’ से मिला था आइडिया

डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि लोकेंद्र ने ‘दृश्यम’ फिल्म कई बार देखी थी। पुलिस का कहना है कि उसे लगा कि फिल्म की तरह वह भी पुलिस को गुमराह कर सकता है। हालांकि, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस उस तक पहुंच गई। फिलहाल पुलिस हत्या की वजह, घटनाक्रम और मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम के साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है।

ये भी पढ़ें: ‘बैट वापस करने पर, चोर को पैसे…, क्रिकेटर दीपक चाहर के तीन बैट चोरी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »