उत्तर प्रदेश

शाहजहांपुर के मंदिर में 2 साधुओं की हत्या! वारदात के बाद शव जलाए

यूपी के शाहजहांपुर में दो साधुओं की निर्ममता से हत्या कर उनके शवों को जला भी दिया गया। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में ले लिया।

Reported by Vartika Singh and edited by Vartika Singh

Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में मंदिर में दो साधुओं की निर्ममता से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद दोनों साधुओं के शव को जला भी दिया। मृतक साधुओं की पहचान गोपाल दास और बिहारी दास के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक दोनों साधु सो रहे थे तभी उनकी हत्या कर दी गई। दोनों के अपने-अपने बिस्तर पर जले हुए शव बरामद किए गए हैं। साधुओं की हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने एक स्थानीय ग्रामीण को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि मंदिर की संपत्ति के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है। वहीं डबल मर्डर की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना खुदागंज के सूथा गांव की घटना है।

गांव का ही शख्स निकला आरोपी

शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बयान जारी करते हुए बताया, सुबह करीब 7 बजे पुलिस को सूचना मिली कि दो सन्यासियों के जले शरीर मिले हैं। घटना का संज्ञान लेते हुए, थाना पुलिस, सभी सीनियर ऑफिसर और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। एसपी ने कहा, गांव के निवासी शिवकुमार ने पुलिस को तहरीर दी है कि गांव का एक लड़का सुमित कुछ दिन पहले ही कोर्ट से जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आया है। सुमित पिछले कुछ दिनों से वह सन्यासियों के साथ बैठने लगा था।

मंदिर की जमीन पर कब्जे के लिए की हत्या

जानकारी के मुताबिक हत्याकांड में मारे गए दोनों साधू मंदिर के अंदर ही रहते थे। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित बताया, गांव वालों ने कहा है कि सुमित ने दोनों सन्यासियों को कहा था कि आप दोनों लोग यहां से हट जाइए, यहां पर मैं रहने वाला हूं और यहां पर मेरा ही अधिकारी होगा। इसी बात को लेकर ये घटना हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि सुमित शुरू से अपराधी प्रवृत्ति का था। कुछ समय पहले ही उसने गांव के एक व्यक्ति की कार जला दी थी। परिवार ने ये कहकर जमानत करवाई थी कि अब वह ऐसी हरकते नहीं करेगा।

आरोपी गिरफ्तार, सुसंगत धाराओं में केस दर्ज

मंदिर के संरक्षक शिव कुमार सिंह ने मामले में तहरीर दी है। शाहजहांपुर के एसपी ने कहा, मौके से सभी सबूत इकट्ठा किए गए हैं। लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। नामजद आरोपी सुमित के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है। मुख्य आरोपी सुमित को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। घटना में मिलने वाली जानकारी और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: मेरठ नीले ड्रम केस में मुस्कान-साहिल दोषी करार, 15 दिन बाद होगा सजा का ऐलान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »