भारत

तेज प्रताप यादव के घर चोरी, 20 लाख नकद समेत कीमती सामान गायब, पीए फरार

राजद नेता तेज प्रताप यादव ने अपने पीए मोतीलाल राय पर 20 लाख रुपये नकद, सोना-चांदी और महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Tej Pratap Yadav House: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक (पीए) पर घर से लाखों रुपये नकद, कीमती सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी करने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पटना के सचिवालय थाना में दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

क्या है पूरा मामला

शिकायत के अनुसार, तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि उनके निजी सहायक मोतीलाल राय ने उनके आवास से करीब 20 लाख रुपये नकद और कई कीमती वस्तुएं गायब कर दीं। बताया गया है कि यह नकदी पार्टी फंड से संबंधित थी। इसके अलावा सोने की चेन, अंगूठी, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, आईपैड, मैकबुक, लैपटॉप और कई महंगे मोबाइल फोन भी चोरी होने की बात कही गई है।

तेज प्रताप यादव ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि घटना की रात उनके ड्राइवर और एक अन्य कर्मचारी ने मोतीलाल राय को एक बैग के साथ आवास की बाउंड्री पार कर जाते देखा था। दोनों को इस मामले का प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

तेज प्रताप के घर दूसरी बार चोरी

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और चोरी हुए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। यह पहली बार नहीं है जब तेज प्रताप यादव के आवास से चोरी की घटना सामने आई हो। इससे पहले वर्ष 2022 में भी उनके घर से नकदी और अन्य सामान चोरी होने का मामला दर्ज कराया गया था। उस समय घर की देखरेख करने वाले एक व्यक्ति पर आरोप लगाए गए थे, जो कथित तौर पर सामान लेकर फरार हो गया था।

फिलहाल इस नए मामले ने राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज कर दी है। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर चोरी की इस घटना का सच क्या है और आरोपी कब तक कानून की गिरफ्त में आता है।

ये भी पढ़ें: उद्धव ठाकरे को छोड़ शिंदे के साथ आए 6 सांसद, शिवसेना UBT में बड़ी टूट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »