Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। रोमांचक मुकाबले में एक समय पाकिस्तान की टीम जीत की ओर बढ़ती दिख रही थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी चरण में मैच का रुख पलट दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 211 रन बनाए। टीम की ओर से अभिषेक शर्मा ने 68 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने 51 रन बनाकर स्कोर को मजबूत आधार दिया। 212 रन के लक्ष्य का दबाव 212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसके शुरुआती तीन विकेट महज 39 रन के स्कोर पर गिर गए। इसके बाद सैम अयूब और हसन नवाज ने पारी संभाली और दोनों के बीच 87 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी के बाद मुकाबला पूरी तरह खुल गया। हसन नवाज लगातार बड़े शॉट लगाते रहे और पाकिस्तान की जीत की उम्मीदें बढ़ती गईं। शिवम दुबे ने बदला मैच का रुख भारत को अहम सफलता 15वें ओवर में मिली, जब शिवम दुबे ने सैम अयूब को आउट कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान के विकेट नियमित अंतराल पर गिरने लगे और भारतीय टीम ने मुकाबले पर दोबारा पकड़ बना ली। हसन नवाज ने आखिरी ओवर तक संघर्ष जारी रखा और 96 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन उनका प्रयास पाकिस्तान को जीत नहीं दिला सका। जसप्रीत बुमराह के 19वें ओवर ने भी मुकाबले में बड़ा अंतर पैदा किया। भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और पाकिस्तान को लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया। भारत के नाम 19वां गोल्ड इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में अपना 19वां स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि टूर्नामेंट में भारत के कुल पदकों की संख्या 81 हो गई। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम भी फाइनल में श्रीलंका को हराकर गोल्ड जीत चुकी थी। अब पुरुष टीम ने पाकिस्तान को मात देकर क्रिकेट के दोनों स्वर्ण पदक भारत की झोली में डाल दिए। ये भी पढ़ें: श्रीलंका को 124 रन से रौंदकर फाइनल में भारत, अब पाकिस्तान से गोल्ड मेडल की जंग