खेल

RR vs LSG: अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंची राजस्थान, वैभव सूर्यवंशी ने खेली मैच जिताऊ पारी

राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को सात विकेट से हराकर अंक तालिका में चौथा स्थान हासिल कर लिया। वैभव सूर्यवंशी ने 93 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि ध्रुव जुरेल ने नाबाद अर्धशतक लगाकर टीम को शानदार जीत दिलाई।

Reported by Tanvi Pandey and edited by Shagun Chaurasia

RR VS LSG|| Vaibhav Sooryavanshi knock || RR VS LSG Head to Head : जयपुर में मंगलवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हाई स्कोरिंग मुकाबला खेला गया। मैच में दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने जमकर रन बनाए, लेकिन आखिर में राजस्थान ने बाजी मार ली। टीम ने 221 रन का लक्ष्य 19.1 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ राजस्थान अंक तालिका में चौथे नंबर पर पहुंच गई है। टीम के अब 13 मैचों में 14 अंक हो गए हैं।

मार्श और इंग्लिस ने दिलाई मजबूत शुरुआत

पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 220 रन बनाए। मिचेल मार्श ने 57 गेंदों पर 96 रन की शानदार पारी खेली। वहीं जोश इंग्लिस ने 29 गेंदों में 60 रन बनाए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 109 रन की साझेदारी हुई

वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदर बल्लेबाजी

जवाब में राजस्थान को यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने तेज शुरुआत दिलाई। यशस्वी ने 23 गेंदों पर 43 रन बनाए। राजस्थान की जीत के सबसे बड़े हीरो युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे। उन्होंने सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन बनाए। उनकी पारी में सात शानदार चौके और दस लंबे छक्के शामिल रहे। वैभव ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। लखनऊ के गेंदबाज पूरे मैच में उन पर दबाव नहीं बना सके।

जुरेल ने अंत तक संभाली पारी

वैभव के आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 38 गेंदों पर नाबाद 53 रन बनाए और टीम को जीत तक पहुंचाया। वैभव और जुरेल के बीच 105 रन की अहम साझेदारी हुई।

वैभव ने रचा नया इतिहास

इस मैच के साथ वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह एक सीजन में 50 से ज्यादा छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। मौजूदा सीजन में उनके नाम अब 53 छक्के हो चुके हैं। इसी के साथ उन्होंने आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2019 में 52 छक्के लगाए थे। अब वैभव आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इस सूची में पहले स्थान पर क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 2012 में 59 छक्के लगाए थे।

प्लेऑफ की रेस हुई और दिलचस्प

आईपीएल 2026 में प्लेऑफ की रेस बेहद रोमांचक हो गई है। चौथे स्थान के लिए राजस्थान, पंजाब, चेन्नई, कोलकाता और दिल्ली के बीच कड़ी टक्कर चल रही है। राजस्थान मजबूत स्थिति में नजर आ रही है, जबकि बाकी टीमों को अपनी उम्मीदें बचाने के लिए हर मैच जीतना जरूरी होगा। आने वाले मुकाबले प्लेऑफ की तस्वीर पूरी तरह बदल सकते हैं।

ये भी पढ़ें: IND vs AFG: जडेजा और अक्षर पटेल को टीम इंडिया में क्यों नहीं मिली जगह? अगरकर ने बताई वजह

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »