Air Show in Varanasi: बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में गुरुवार की सुबह आसमान एक अलग ही नजारे का गवाह बना। गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने ऐसा शक्ति प्रदर्शन किया कि घाटों पर मौजूद हजारों लोग रोमांचित हो उठे। कभी तेज रफ्तार से नीचे आते विमान, तो कभी हवा में कलाबाजियां दिखाते लड़ाकू जेट देखकर दर्शकों की निगाहें आसमान पर टिक गईं। विमानों ने तिरंगे की आकृति बनाकर लोगों का उत्साह और बढ़ा दिया। राफेल से तेजस तक आसमान में दिखा दम नमो घाट पर आयोजित एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000 और तेजस जैसे लड़ाकू विमानों ने अपनी गति और उड़ान कौशल का प्रदर्शन किया। विमानों की गर्जना से पूरा इलाका गूंज उठा। कई दर्शकों ने इस नजारे को ऐतिहासिक बताया और कहा कि जिन विमानों को अब तक टीवी पर देखा था, उन्हें पहली बार सामने उड़ते देखना बेहद रोमांचक अनुभव है। एयर शो देखने के लिए नमो घाट के अलावा राजघाट, प्रह्लाद घाट, दशाश्वमेध और अस्सी घाट समेत कई स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बच्चों में खास उत्साह देखने को मिला। विदेशी पर्यटक भी इस आयोजन को देखने के लिए घाटों पर मौजूद रहे। लोगों ने विमानों का प्रदर्शन देखकर ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाए। 12 एयरबेस के विमान दिखाएंगे ताकत आयोजन के दौरान देश के 12 एयरबेस से कुल 100 विमानों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, एक विंटेज विमान और 32 हेलिकॉप्टर शामिल हैं। भारतीय वायुसेना का गरुड़ विशेष बल भी प्रदर्शन का हिस्सा है। बोइंग सी-17 ग्लोबमास्टर-III के सूर्य किरण टीम के नौ विमानों के साथ फॉर्मेशन में उड़ान भरने का कार्यक्रम भी बताया गया है। यातायात में बदलाव एयर शो में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। जमीन से लेकर हवाई क्षेत्र तक निगरानी रखी जा रही है। आयोजन के चलते शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है। मालवाहक वाहनों के साथ रोडवेज और निजी बसों के संचालन में भी बदलाव किए गए हैं। 25 अक्टूबर तक चलेगा आयोजन एयर शो का पहला दिन गुरुवार को आयोजित हुआ। इसके बाद 24 और 25 अक्टूबर को भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। काशी के लिए यह आयोजन भारतीय वायुसेना की क्षमता और शौर्य को करीब से देखने का खास अवसर बन गया है। अब आने वाले दिनों में भी दर्शकों को आसमान में ऐसे ही रोमांचक नजारे देखने की उम्मीद है। ये भी पढ़ें: काशी में सीएम CM का बड़ा संदेश, बोले- धर्म के लिए त्याग भी, जरूरत पड़ी तो संघर्ष भी