उत्तर प्रदेश

सत्ता में लौटे तो बंद 26 हजार सरकारी स्कूल फिर खुलेंगे… अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान

अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि सपा सरकार बनने पर भाजपा शासन में बंद 26 हजार स्कूल खोले जाएंगे। उन्होंने पीडीए को आबादी के अनुपात में अधिकार देने का वादा किया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए बड़ा चुनावी वादा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा शासन के दौरान बंद किए गए करीब 26 हजार सरकारी स्कूलों को सपा की सरकार बनने पर दोबारा शुरू कराया जाएगा। रविवार को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि सरकारी स्कूलों में मुख्य रूप से पीडीए समाज के बच्चे पढ़ते हैं। उन्होंने दावा किया कि सत्ता में आने के बाद सपा पीडीए समाज को उसकी आबादी के अनुपात में अधिकार और प्रतिनिधित्व देने की दिशा में काम करेगी।

नौकरियों और विभागों के ऑडिट पर सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक लाख नौकरियां देने के बयान पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार के पास अब बहुत कम समय बचा है, इसलिए इन दावों को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर लोक निर्माण विभाग (PWD) का ऑडिट कराया जाएगा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रदेश की सड़कों की स्थिति खराब है और जगह-जगह गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने सिंचाई विभाग में भी कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया और पूरे मामले की जांच कराने की बात कही।

मंदिर के चढ़ावे को लेकर भाजपा पर हमला

भाजपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने मंदिरों में चढ़ावे और दान की रकम को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आम आदमी धार्मिक स्थलों की पवित्रता का सम्मान करता है, लेकिन भाजपा सरकार पर मंदिर के दान के पैसे के दुरुपयोग के आरोप लगते रहे हैं।

कानून व्यवस्था और महंगाई पर भी साधा निशाना

अखिलेश ने यूपी की कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उनका आरोप है कि दूसरे राज्यों के अपराधी उत्तर प्रदेश में आकर वारदात कर रहे हैं और सरकार प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रही है। उन्होंने भ्रष्टाचार, कथित मिलावटी पेट्रोल और त्योहारों के दौरान चीनी की कीमत बढ़ने जैसे मुद्दे भी उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि जनता अब सरकार के कामकाज को लेकर जवाब चाहती है और आगामी चुनाव में इसका असर दिखाई देगा।

ये भी पढ़ें: UP में चुनाव से पहले योगी सरकार का बड़ा दांव! आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 50% बढ़ाने की तैयारी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »