भारत

CNG महंगी होते ही दिल्ली में टैक्सी चालकों का मोर्चा, 3 सितंबर को बड़ा प्रदर्शन

दिल्ली में CNG 3.89 रुपये महंगी होने से टैक्सी चालक नाराज हैं। चालक शक्ति यूनियन ने किराया बढ़ाने की मांग की है। मांग नहीं मानी तो 3 सितंबर को प्रदर्शन होगा।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

CNG Protest in Delhi: दिल्ली में CNG की कीमत बढ़ने के बाद टैक्सी चालकों की नाराजगी एक बार फिर सामने आ गई है। 29 अगस्त से CNG 3.89 रुपये प्रति किलो महंगी होकर 86.98 रुपये प्रति किलो हो गई है। इससे पहले इसकी कीमत 83.09 रुपये प्रति किलो थी। ईंधन की बढ़ी कीमत का सीधा असर टैक्सी चालकों की रोजाना कमाई पर पड़ रहा है। इसी के विरोध में चालक शक्ति यूनियन ने सरकार के खिलाफ 3 सितंबर को दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

CNG बढ़ी लेकिन टैक्सी किराया नहीं

यूनियन का कहना है कि उनकी परेशानी केवल CNG की कीमत बढ़ने तक सीमित नहीं है। सिटी टैक्सी का किराया करीब 15 वर्षों से संशोधित नहीं हुआ, जबकि इस दौरान CNG के अलावा बीमा, सर्विसिंग, टायर, स्पेयर पार्ट्स और वाहनों के रखरखाव का खर्च लगातार बढ़ा है। चालकों के मुताबिक, रोजाना कई घंटे सड़क पर वाहन चलाने के कारण CNG की खपत अधिक होती है। ऐसे में प्रति किलो करीब चार रुपये की बढ़ोतरी महीने के कुल ईंधन खर्च पर बड़ा असर डालती है। कमाई पुराने किराये के हिसाब से होने के कारण उनकी आर्थिक मुश्किल बढ़ गई है।

मई में भी हुआ था आंदोलन

किराया बढ़ाने की मांग को लेकर टैक्सी चालक पहले भी सड़कों पर उतर चुके हैं। यूनियन के अनुसार, 21, 22 और 23 मई 2026 को सांकेतिक हड़ताल और आंदोलन किया गया था। 22 मई को स्पेशल ट्रांसपोर्ट कमिश्नर के साथ बैठक भी हुई थी। यूनियन का दावा है कि उस दौरान सिटी टैक्सी किराये में संशोधन पर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया गया था, लेकिन अब तक कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ।

2 सितंबर तक सरकार को दिया समय

CNG के नए दामों के बाद यूनियन ने सरकार को 2 सितंबर तक सिटी टैक्सी का किराया उचित रूप से बढ़ाने का समय दिया है। यूनियन का कहना है कि अगर तय समय में फैसला नहीं हुआ तो 3 सितंबर को दिल्ली में बड़ा शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा। अब देखना होगा कि सरकार समयसीमा खत्म होने से पहले टैक्सी चालकों की मांग पर कोई फैसला करती है या फिर 3 सितंबर को राजधानी की सड़कों पर उनका विरोध नजर आता है।

ये भी पढ़ें: करोड़ों की चमक, बारिश में ठप शहर! गुरुग्राम की ‘सैलाब सिटी’ बनने की क्या है कहानी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »