Auraiya News: उत्तर प्रदेश में औरैया शहर के मोहल्ला तिलक नगर स्थित एक निजी अस्पताल में तैनात डॉक्टर ने अस्पताल संचालक समेत उनके रिश्तेदारों पर मारपीट व गाली-गलौज करने से क्षुब्ध होकर यमुना नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले डॉक्टर ने चार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर आरोपियों पर मारपीट और गाली-गलौज करने के आरोप लगाए। इस मामले में पुलिस ने आरोपी अस्पताल संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। 18 घंटे बाद मिला शव बुधवार शाम को डॉक्टर के यमुना नदी में कूदने की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर देर रात तक खोजबीन कराई। देर रात 12 बजे तक तलाश के बावजूद डॉक्टर का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद गुरुवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगभग 18 घंटे बाद सुबह करीब 11 बजे यमुना नदी से डॉक्टर का शव बरामद कर लिया गया। यमुना पुल से छलांग मृतक की पहचान लखीमपुर खीरी निवासी डॉ. सौरभ बाजपेई (30) पुत्र नंद किशोर बाजपेई के रूप में हुई है, जो शहर के तिलक नगर स्थित निजी रामऔतार अस्पताल में तैनात थे। 15 जुलाई को वह यमुना पुल पहुंचे और नदी में कूदकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी आलोक मिश्र, एसडीएम सदर गरिमा सोनकिया और नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे तथा पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी। अस्पताल संचालक गिरफ्तार मरने से पहले डॉक्टर द्वारा फेसबुक पर लाइव वीडियो वायरल किए गए, जिसमें उन्होंने अस्पताल संचालक एसपी सिंह तथा उनके साले समेत हरिहरपुर निवासी दो लोगों पर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने दी जानकारी इस संबंध में एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि डॉक्टर का शव यमुना नदी से बरामद कर लिया गया है। परिजनों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी अस्पताल संचालक डॉ. एसपी सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। ये भी पढ़ें: 12 साल पुरानी घटना का आया फैसला! बहन के प्रेमी का अपहरण कर हत्या करने वाले दो भाइयों को उम्रकैद की सजा