उत्तर प्रदेशनोएडा

नोएडा में 13 वर्षीय आयुष शुक्ला का अंतिम संस्कार, नम आंखों से परिजनों ने दी अंतिम विदाई

नोएडा के सेक्टर-54 जंगल में मृत मिले 13 वर्षीय आयुष का अंतिम संस्कार हुआ। पुलिस ने पैसों के विवाद में हत्या के आरोप में तीन नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

 Ayush Shukla Murder: नोएडा के सेक्टर-54 के जंगल में मृत मिले 13 वर्षीय आयुष शुक्ला का बुधवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। आयुष की मौत के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने नम आंखों से उसे अंतिम विदाई दी। इस दौरान परिवार का रो-रोकर बुरा हाल रहा। आयुष के अंतिम संस्कार के बाद गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने भी परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और आयुष के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने इस मुश्किल घड़ी में परिवार के प्रति अपनी संवेदना जताई।

पैसों के विवाद में हत्या

पुलिस के मुताबिक, आयुष शुक्ला की हत्या पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के दौरान की गई। सेक्टर-24 थाना पुलिस ने मामले में तीन नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस का कहना है कि 16 अगस्त को सेक्टर-54 के जंगल में आयुष और तीनों बाल अपचारियों के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान तीनों ने आयुष का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

गुमशुदगी के बाद शव मिला

पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को आयुष के परिजनों ने थाना सेक्टर-24 में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तलाश के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि 21 अगस्त को सेक्टर-54 के जंगल में एक अज्ञात युवक का शव मिला था। 25 अगस्त को परिजनों से शव की शिनाख्त कराई गई, जिसके बाद उसकी पहचान हैप्पी उर्फ आयुष शुक्ला के रूप में हुई।

तीन नाबालिग को अभिरक्षा में भेजा

शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने हत्या से संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर तीनों बाल अपचारियों को नोएडा स्टेडियम के सेक्टर-21ए स्थित गेट नंबर चार के पास से अभिरक्षा में लिया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई। तीनों बाल अपचारियों को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड, गौतमबुद्धनगर के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस जांच में नया खुलासा

इस मामले में थाना सेक्टर-24 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, मृतक आयुष की मां लगातार चाकू से गोदकर हत्या किए जाने की बात कह रही हैं। हालांकि, पुलिस ने इस आरोप से इनकार किया है। पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच में आयुष की हत्या गला दबाकर किए जाने और इसके पीछे पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद सामने आया है।

फिलहाल आयुष का अंतिम संस्कार हो चुका है और परिवार अपने 13 वर्षीय बेटे को खोने के गम में डूबा हुआ है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़ें: रक्षाबंधन पर बड़ा तोहफा! बहन का टिकट ही नहीं, साथ चलने वाले का सफर भी फ्री

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »