Brajesh Pathak: झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन और कथित लाठीचार्ज को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है। यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और झारखंड सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ सख्ती की गई और उनके रास्ते में कंटीले तार व बैरिकेडिंग तक लगाई गई। झारखंड छात्रों पर लाठीचार्ज ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी से सवाल करते हुए कहा कि वे झारखंड में छात्रों के मुद्दे पर चुप क्यों हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों की आवाज सुनाई देती है, लेकिन झारखंड में छात्रों के साथ हुई कार्रवाई दिखाई नहीं देती। डिप्टी सीएम ने दावा किया कि झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार किया गया, जैसे वे कोई आतंकवादी हों। उन्होंने कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कांग्रेस और झारखंड सरकार से माफी मांगने की मांग की। राहुल पर दोहरे रवैये का आरोप ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी पर राजनीतिक दोहरा रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अलग-अलग मुद्दों पर “डबल गेम” खेलती है और राजनीतिक लाभ के लिए छात्रों के मामलों को अपने तरीके से उठाती है। उन्होंने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वे सदन में सरकार से सवाल करते हैं तो जवाब सुनने के लिए भी मौजूद रहें। ब्रजेश पाठक ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को जवाब सुनते समय सदन से भागना नहीं चाहिए। BJP छात्रों के है साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड के छात्रों के साथ भाजपा खड़ी है। उन्होंने तिरंगा यात्रा को स्वतंत्रता संग्राम की याद से जोड़ते हुए कहा कि उनकी पार्टी और सरकार छात्रों की आवाज के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी को “अराजकता का नया पोस्टर बॉय” बताते हुए कई सवाल उठाए और कहा कि यदि राहुल गांधी में हिम्मत है तो उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री की पूरी बात सुननी चाहिए। झारखंड के छात्र आंदोलन को लेकर अब भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। ऐसे में सवाल यही है कि ब्रजेश पाठक के आरोपों पर राहुल गांधी और कांग्रेस की ओर से क्या जवाब आता है? ये भी पढ़ें: राहुल गांधी ने पुलिस कार्रवाई को बताया गलत, सरकार से बातचीत की अपील, झारखंड में छात्र आंदोलन पर सियासत तेज