Bundelkhand News: यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के प्रादेशिक प्रतिनिधि सम्मेलन का तीन दिवसीय भव्य शुभारंभ आज शुक्रवार को दोपहर 2.30 बजे शहर के कम्युनिटी गार्डन में किया गया। इस प्रादेशिक कार्यक्रम की मेजबानी प्रेस क्लब महोबा कर रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बुंदेली विभूतियों का सम्मान सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने प्रेस क्लब द्वारा बुंदेलखंड की विभूतियों को मंच से सम्मानित किए जाने की भूरि भूरि प्रशंसा की,एमएलसी जीतेन्द्र सिंह सेंगर ने बुंदेली धरा महोबा में सैकड़ों की संख्या में पधारे पत्रकारों का स्वागत करते हुए कहा कि ये महोबा के लिए गौरव की बात है। कार्यक्रम में सबसे पहले बुन्देली गौरव सम्मान से सम्मानित होने वाले विशिष्ट अतिथियों का परिचय कराया गया। इस दौरान अपने उद्बोधन में अतिथियों ने प्रेस क्लब द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की जमकर सराहना की और पत्रकारों की भूमिका को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताया। आल्हा की वीर गाथा पर फड़की भुजाएं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बुन्देलखण्ड की वीर गाथाओं पर आधारित आल्हा गायन मुख्य आकर्षण रहा। आल्हा गायकों ने जब वीर आल्हा-ऊदल के पराक्रम का बखान किया तो पंडाल में उपस्थित लोगों की भुजाएं फड़कने लगीं और पूरा परिसर वीर रस से गूंज उठा। इसके बाद बांदा से आए प्रसिद्ध कलाकार रमेश पाल एवं उनकी टीम ने बुन्देलखण्ड की जीवन्त लोक विधा दीवारी नृत्य का शानदार प्रदर्शन किया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर कलाकारों के जोशपूर्ण नृत्य को दर्शकों ने तालियों से खूब सराहा। बुन्देली गौरव सम्मान से बढ़ा मान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच में बुन्देली गौरव सम्मान समारोह भी संचालित होता रहा। इसमें बुन्देलखण्ड के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को बुन्देली गौरव सम्मान से अलंकृत किया गया। सम्मान पाकर विभूतियों ने प्रेस के इस कार्यक्रम की जमकर तारीफ की। कार्यक्रम के अंत में बुन्देली गौरव सम्मान समारोह का विधिवत समापन किया गया और उपस्थित सभी लोगों ने पारंपरिक बुन्देली भोज का आनंद लिया। इस अवसर पर शहर के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ समाजसेवी, व्यापारी बंधु, अधिवक्ता, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कलमकार साथी मौजूद रहे। प्रतिभाओं को मिला सम्मान आज के कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती अपर्णा नायक द्वारा किया गया,प्रेस क्लब महोबा के अध्यक्ष संजय मिश्रा ने पूरे प्रदेश से आए पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए बताया है कि कल भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होगे तथा 13 सितम्बर को खजुराहो भ्रमण उपरान्त अतिथियों की रवानगी होगी। बुंदेलखंड के लालों को सम्मान,16 विभूतिया हुई बुंदेली गौरव सम्मान से सम्मानित बुंदेलखंड की माटी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यहाँ प्रतिभाओं की कमी नहीं है। अपनी-अपनी विधा में उत्कृष्ट कार्य कर देश-प्रदेश में बुंदेलखंड का नाम रोशन करने वाली 16 विभूतियों को प्रतिष्ठित "बुंदेली गौरव सम्मान" से सम्मानित किया गया है। विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां सम्मानित होने वाली विभूतियों में पत्रकारिता, पुलिस सेवा, शिक्षा, साहित्य, समाज सेवा, कला और संगीत जगत के दिग्गज शामिल हैं। वरिष्ठ पत्रकार श्री राजेश बादल, श्री जयराम शुक्ला, श्री देवराज सिंह, R भारत की एंकर श्रीमती मीनाक्षी रजत, पत्रकार श्रीमती पूजा मिश्रा, पुलिस महानिदेशक (रेलवे) श्री राजा बाबू सिंह IPS, पूर्व DGP उत्तर प्रदेश श्री सुलखान सिंह IPS, IG सागर श्री मिथलेश शुक्ला IPS, DIG CRPF भोपाल श्री राजेन्द्र मिश्रा, LNCT यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ नरेन्द्र थापक, वरिष्ठ साहित्यकार श्री महेन्द्र अवस्थी भीष्म, वीरांगना अवंतीबाई ग्रुप ऑफ कॉलेज के निदेशक श्री शिवम दीक्षित, जालौन के जल पुरुष श्री संजय सिंह, फिल्म अभिनेता श्री उदय अतरौलिया, महोबा के संगीताचार्य श्री अबोध सोनी और आल्हा गायक जितेन्द्र चौरसिया को यह गौरव प्राप्त हुआ है। देश में चमका बुंदेलखंड आयोजन में सभी सम्मानित जनों ने बुंदेली संस्कृति और बुंदेलखंड के विकास पर अपने विचार रखे। बुंदेलखंड की पहचान को पत्रकारिता से लेकर पुलिस सेवा तक, शिक्षा से लेकर साहित्य और लोक कला तक देश के पटल पर चमकाया है। ऐसी सभी विभूतियों को आज बुंदेली गौरव सम्मानित करते हुए प्रेस क्लब महोबा गौरान्वित है। ये भी पढ़ें: खेलते-खेलते गड्ढे में डूबे तीन बच्चे, दर्दनाक मौत से गांव में हाहाकार