Etawah District Hospital: उत्तर प्रदेश में इटावा के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर संयुक्त जिला अस्पताल में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे से सीटी स्कैन कक्ष की विद्युत आपूर्ति ठप होने के कारण पिछले लगभग 36 घंटे से सीटी स्कैन सेवा पूरी तरह बंद है। बिजली लाइन में फॉल्ट के चलते दूर-दराज से आने वाले मरीजों को बिना जांच कराए वापस लौटना पड़ रहा है। 36 घंटे से ठप है सीटी स्कैन सेवा जिला अस्पताल के सीटी स्कैन कक्ष की बिजली आपूर्ति गुरुवार सुबह से बाधित है। अंडरग्राउंड विद्युत लाइन में फॉल्ट आने के कारण अब तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। जेनरेटर से सीटी स्कैन मशीन संचालित नहीं हो सकती, इसलिए सेवा पूरी तरह बंद पड़ी है। कई किलोमीटर से आने वाले मरीज परेशान प्रतिदिन कई किलोमीटर दूर ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में मरीज सीटी स्कैन कराने जिला अस्पताल पहुंचते हैं। लेकिन पिछले दो दिनों से लगातार मरीजों को जांच कराए बिना ही लौटना पड़ रहा है, जिससे गंभीर मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक साल से शासन से धन की मांग सीटी स्कैन विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि पिछले वर्ष ही जर्जर विद्युत लाइन बदलने के लिए बजट की मांग की गई थी। इसके बावजूद धनराशि स्वीकृत नहीं हुई। अंडरग्राउंड लाइन होने के कारण पूरे नेटवर्क की जांच में काफी समय लग रहा है। सीएमएस बोले- मशीन ठीक, बिजली लाइन में है फॉल्ट जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पारितोष शुक्ला ने बताया कि सीटी स्कैन मशीन पूरी तरह ठीक है। लगातार बारिश के कारण विद्युत लाइन में फॉल्ट आ गया है। लाइन काफी लंबी और हैवी लोड वाली है। इसके लिए पिछले वर्ष शासन को धनराशि स्वीकृत करने का प्रस्ताव भेजा गया था और रिमाइंडर भी भेजा गया है। फिलहाल तकनीकी टीम फॉल्ट तलाशकर उसे ठीक करने में जुटी है। बिजली आपूर्ति बहाल होते ही सीटी स्कैन सेवा शुरू कर दी जाएगी। मरीज बोले- बिना जांच कराए लौटना पड़ा औरैया निवासी सावित्री ने बताया कि वह सीटी स्कैन कराने जिला अस्पताल आई थीं, लेकिन बिजली न होने के कारण जांच नहीं हो सकी। अस्पताल कर्मचारियों ने बताया कि विद्युत आपूर्ति बहाल होने के बाद ही सीटी स्कैन किया जा सकेगा। मरीजों को फिलहाल इंतजार करना पड़ रहा है।