उत्तर प्रदेश

इटावा में अज्ञात वाहन की टक्कर से पत्रकार की मौत, अस्पताल पर लापरवाही के आरोप

इटावा के कानपुर-आगरा हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से हाथरस के एक मीडियाकर्मी की मौत हो गई। आरोपी चालक फरार है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में कानपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से एक मीडियाकर्मी की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जबकि घायल पत्रकार काफी देर तक सड़क पर तड़पता रहा।

रफ्तार बनी काल

यह हादसा फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में समृद्धि हॉस्पिटल के पास रात करीब 9 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पत्रकार अपनी बाइक से हाईवे पर जा रहे थे, तभी पीछे से तेज गति से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज न मिलने का आरोप

बारिश के बीच हाईवे पर घायल पड़े युवक को देखकर 28वीं वाहिनी पीएसी के निवासी विशाल यादव और अन्य राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए उन्हें तत्काल नजदीकी समृद्धि हॉस्पिटल पहुंचाया। आरोप है कि अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बजाय उन्हें जिला अस्पताल ले जाने की सलाह देकर वापस भेज दिया गया। इसके बाद घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. राघवेंद्र सिंह ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रेस कार्ड से हुई पहचान

हादसे के बाद घटनास्थल पर बिना नंबर की एक प्लेटिना बाइक बरामद हुई, जिस पर बड़े अक्षरों में ‘प्रेस’ लिखा था। बाइक के पास मिले बैग की तलाशी लेने पर हाथरस जनपद के सूचना विभाग द्वारा जारी प्रेस कार्ड, पहचान पत्र और विजिटिंग कार्ड मिले। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान हाथरस निवासी लगभग 35 वर्षीय मीडियाकर्मी के रूप में हुई।

फरार चालक की तलाश

सूचना मिलते ही फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फरार वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस मृतक की शिनाख्त की औपचारिक पुष्टि कर परिजनों से संपर्क कर रही है। वहीं, निजी अस्पताल पर लगाए गए इलाज में लापरवाही के आरोपों की भी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढें: अखिलेश पर पोस्ट से मचा सियासी बवाल! निशिकांत दुबे समेत पांच के खिलाफ सपा का बड़ा कदम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »