Etawah Bus Accident: उत्तर प्रदेश के इटावा में बुधवार तड़के आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे-19 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से दिल्ली जा रही एक निजी बस आईटीआई चौराहे के पास सरिया लदे खराब ट्रक से पीछे से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बस के चालक और कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक यात्री घायल हो गए। 45 यात्रियों में अफरा-तफरी जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे हुई इस दुर्घटना के समय बस में लगभग 45 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, बस चालक 35 वर्षीय प्रेम और 22 वर्षीय कंडक्टर दीपक को मृत अवस्था में लाया गया। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। वहीं घायल यात्रियों का इलाज जारी है। रफ्तार और लापरवाही प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों ने बताया कि बस तेज रफ्तार से चल रही थी। उनका दावा है कि चालक को झपकी आ गई थी, जिसके कारण वह सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक को समय रहते नहीं देख सका। यात्रियों का यह भी कहना है कि ट्रक के पास धीमी गति के संकेत मौजूद थे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हर पहलू की जांच सिविल लाइन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य कराया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और हादसे के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। ये भी पढें: इटावा में अज्ञात वाहन की टक्कर से पत्रकार की मौत, अस्पताल पर लापरवाही के आरोप