Bareilly Electricity News: उत्तर प्रदेश के बरेली में बिजली चोरी पर लगाम लगाने के लिए बिजली विभाग ने बड़े स्तर पर विशेष अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ जांच की गई, जिसमें बिजली चोरी के कई मामले सामने आए। विभाग ने कार्रवाई करते हुए 100 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया और लाखों रुपये की राजस्व वसूली भी की। अवैध कनेक्शन कटे अभियान के दौरान विभागीय टीमों ने कुल 629 स्थानों पर जांच की। निरीक्षण में कई जगह अवैध रूप से बिजली का उपयोग होता मिला। ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई करते हुए अवैध कनेक्शन काट दिए गए और इस्तेमाल की जा रही केबल जब्त कर ली गई। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बिजली चोरी करने वाले 100 आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है। यह कार्रवाई बिजली चोरी रोकने और राजस्व नुकसान को कम करने के उद्देश्य से की गई। राजस्व वसूली तेज अभियान के दौरान विभाग ने 6 लाख 66 हजार रुपये की वसूली भी की। अधिकारियों का कहना है कि बकाया राशि जमा न करने और अवैध बिजली उपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बरेली जिले के बहेड़ी, बारादरी, कोतवाली, देवरनिया, प्रेम नगर और सीबीगंज थाना क्षेत्रों में बिजली चोरी के मामलों में मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। विभाग ने साफ किया है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। ये भी पढें: शादी का सपना दिखाया, नशीली ड्रिंक से रचा खेल… फरार होने से पहले पुलिस के हत्थे चढ़ा इमरान