India-Nepal border: उत्तर प्रदेश के बहराइच में भारत-नेपाल सीमा स्थित रुपईडीहा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार कार ने चेक पोस्ट के गेट में जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि कार तेज गति से ICP परिसर की ओर आई और गेट को टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर परिसर में तैनात जवानों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही चालक कार लेकर वहां से निकल गया। कई वाहन भी हुए क्षतिग्रस्त हादसे के दौरान चेक पोस्ट परिसर में खड़े कुछ अन्य वाहन भी इसकी चपेट में आ गए और उन्हें नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें क्षतिग्रस्त गेट और परिसर की स्थिति दिखाई दे रही है। सीमा सुरक्षा पर उठे सवाल भारत-नेपाल सीमा पर स्थित ICP सुरक्षा और आवागमन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे संवेदनशील परिसर में तेज रफ्तार वाहन का गेट तोड़कर निकल जाना सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। आखिर वाहन परिसर तक कैसे पहुंचा और चालक को रोकने में सुरक्षा कर्मियों को सफलता क्यों नहीं मिली, इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। जांच में जुटी पुलिस घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक और वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस वायरल वीडियो और घटनास्थल पर उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। ये भी पढ़ें: बहराइच में बिजली तार चोरों पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, पांच गिरफ्तार