उत्तर प्रदेश

गाजीपुर में किडनैपिंग केस का 25 हजार का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

गाजीपुर में नाबालिग अपहरण मामले के 25 हजार के इनामी आरोपी विजयी को पुलिस ने मुठभेड़ में पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया। उसका साथी फरार हो गया।

Reported by Pradeep Dubey and edited by Shagun Chaurasia

Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में नाबालिग के अपहरण के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मोहम्मदाबाद और नोनहरा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान विजयी पुत्र छोटेलाल (34), निवासी बढ़ई पूरा, थाना मोहम्मदाबाद के रूप में हुई है।

मुठभेड़ में आरोपी घायल

पुलिस के अनुसार, रात में गश्त के दौरान टीम ने तिवारीपुर मोड़ के पास दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों संदिग्ध गौसपुर हवाई पट्टी की ओर भागने लगे। इसी दौरान पुलिस टीम पर कथित तौर पर फायरिंग की गई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें विजयी के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए सीएचसी मोहम्मदाबाद भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। मौके से एक अपाचे मोटरसाइकिल भी मिली है।

दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागा

मुठभेड़ के दौरान विजयी के साथ मौजूद दूसरा संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और उसकी पहचान की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोहम्मदाबाद में दर्ज नाबालिग के अपहरण के चर्चित मामले में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

फिलहाल आरोपी का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस मामले में बरामद हथियार और वाहन समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़ें: भारत-नेपाल सीमा पर मचा हड़कंप, तेज रफ्तार कार ने ICP का गेट तोड़ा, चालक फरार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »