उत्तर प्रदेश

शराब के ठेके ने बढ़ाई गांव की मुश्किलें, महिलाओं ने उठाई हटाने की मांग

इटावा के साम्हो गांव में शराब ठेके के खिलाफ महिलाओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने घरेलू विवाद और मारपीट की शिकायत करते हुए ठेका गांव से बाहर करने की मांग की।

Itawa News: उत्तर प्रदेश में इटावा जनपद के थाना भरथना क्षेत्र के अंतर्गत साम्हो गांव में संचालित देशी शराब के ठेके को गांव से बाहर किए जाने की मांग को लेकर रविवार को महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में एकत्रित महिलाएं शराब के ठेके के समीप पहुंचीं और जमकर हंगामा किया। महिलाओं का आरोप है कि गांव में शराब का ठेका होने के कारण आए दिन शराब पीकर आने वाले लोग घरों में विवाद और मारपीट करते हैं, जिससे ग्रामीण परिवार परेशान हैं।

शराब के ठेके से महिलाएं परेशान

ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि शराब के ठेके के कारण उनके पति व अन्य ग्रामीण शराब का सेवन कर घर पहुंचते हैं और परिवार के सदस्यों के साथ बेवजह मारपीट व अभद्र व्यवहार करते हैं। कई बार बच्चों के साथ भी मारपीट की घटनाएं होती हैं। रोज-रोज की इन घटनाओं से परेशान होकर महिलाओं ने एकजुट होकर शराब के ठेके को गांव से बाहर संचालित किए जाने की मांग उठाई।

पुलिस ने महिलाओं को समझाया

महिलाओं के विरोध प्रदर्शन की जानकारी होने से पहले ही ठेका संचालक ठेका बंद कर मौके से चला गया। ठेके के बाहर महिलाओं के प्रदर्शन की सूचना मिलने पर क्राइम इंस्पेक्टर अरिमर्दन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद महिलाएं अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गईं।

गांव से ठेका हटाने की मांग

महिलाओं ने उच्च अधिकारियों को संबोधित एक लिखित पत्र भी सौंपा, जिसमें देशी शराब के ठेके को गांव से बाहर संचालित किए जाने की मांग की गई है। ग्राम प्रधान बृजेंद्र सिंह ने बताया कि गांव की महिलाओं ने शराब का ठेका गांव में संचालित न किए जाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया है।

ये भी पढ़ें: देशभर में NEET PG परीक्षा हुई पूरी, तकनीकी खराबी के चलते जयपुर के 2,445 छात्रों का पेपर होगा दोबारा, जानें कब

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »