नोएडाभारत

देशभर में NEET PG परीक्षा हुई पूरी, तकनीकी खराबी के चलते जयपुर के 2,445 छात्रों का पेपर होगा दोबारा, जानें कब

NEET PG 2026 परीक्षा देशभर में 1,111 केंद्रों पर संपन्न हुई। जयपुर में तकनीकी खराबी से प्रभावित 2,445 छात्रों का री-एग्जाम।

Reported by himanshu singh and edited by Shagun Chaurasia

NEET PG 2026: नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने रविवार, 30 अगस्त 2026 को NEET PG 2026 परीक्षा का देशभर में सफल आयोजन किया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार परीक्षा 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 339 शहरों में बनाए गए 1,111 केंद्रों पर हुई। इस परीक्षा के लिए कुल 2,73,096 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 2,65,980 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। करीब 2,63,535 उम्मीदवारों की परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी बड़ी परेशानी के पूरी हुई।

कड़ी सुरक्षा और लाइव निगरानी के बीच परीक्षा

परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। देशभर में 2,527 स्वतंत्र मूल्यांकनकर्ता तैनात किए गए थे। इसके अलावा 700 से ज्यादा वरिष्ठ प्रोफेसरों और मेडिकल अधिकारियों को फ्लाइंग स्क्वाड में शामिल किया गया। परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए 16 रीजनल कमांड सेंटर बनाए गए। NBEMS मुख्यालय से 190 विशेषज्ञों की टीम ने लाइव CCTV के जरिए परीक्षा केंद्रों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की। फर्जी अभ्यर्थियों और नकल जैसी गतिविधियों को रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक और आधार आधारित वेरिफिकेशन की व्यवस्था भी लागू की गई थी।

जयपुर में तकनीकी खराबी से परीक्षा प्रभावित

देशभर में परीक्षा सुचारू रहने के बावजूद राजस्थान के जयपुर में एक परीक्षा केंद्र पर तकनीकी समस्या के कारण पेपर पूरा नहीं हो सका। जयपुर के सीतापुरा स्थित iON डिजिटल ज़ोन केंद्रों पर TCS की आंतरिक बिजली आपूर्ति में आई खराबी के चलते 2,445 उम्मीदवारों की परीक्षा प्रभावित हुई। NBEMS ने प्रभावित अभ्यर्थियों को हुई परेशानी पर खेद जताते हुए उनके लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है।

5 सितंबर को फिर देना होगा NEET PG

प्रभावित 2,445 उम्मीदवारों के लिए 5 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे जयपुर में री-एग्जाम आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा केवल तकनीकी समस्या से प्रभावित उम्मीदवारों के लिए होगी। NBEMS ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाली एजेंसियों, सुरक्षाकर्मियों और परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के सहयोग की सराहना की है।

ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में आवारा सांडों का आतंक, आधा दर्जन से ज्यादा ग्रामीण घायल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »