उत्तर प्रदेशनोएडा

ग्रेटर नोएडा में आवारा सांडों का आतंक, आधा दर्जन से ज्यादा ग्रामीण घायल

ग्रेटर नोएडा के कोट गांव में आवारा सांडों का आतंक बढ़ा। आधा दर्जन से ज्यादा ग्रामीण घायल हुए, कई के फ्रैक्चर और ऑपरेशन हुए। ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत की।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Noida News: ग्रेटर नोएडा के दादरी तहसील क्षेत्र के कोट गांव में आवारा सांडों का आतंक ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। गांव की गलियों और आसपास के रास्तों पर घूम रहे सांड लगातार लोगों को निशाना बना रहे हैं। अब तक आधा दर्जन से ज्यादा ग्रामीण इनके हमलों में घायल हो चुके हैं।

हमलों में कई गंभीर घायल

ग्रामीणों के मुताबिक, सांडों के हमलों में कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। किसी के हाथ में फ्रैक्चर हुआ तो किसी के पैर की हड्डी टूट गई। महिला समेत कई घायलों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा और कुछ लोगों के ऑपरेशन तक किए गए। ग्रामीणों का दावा है कि इन घटनाओं के बाद इलाज पर करीब तीन लाख रुपये तक खर्च हो चुके हैं।

घर से निकलने में भी डर

लगातार हो रहे हमलों के कारण गांव में डर का माहौल है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को लेकर परिवारों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सांड अचानक रास्ते में आकर लोगों का पीछा करने लगते हैं। ऐसे में बचने की कोशिश में लोग गिरकर भी घायल हो जाते हैं।

सुबह और शाम के समय समस्या ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। रोजमर्रा के काम से बाहर निकलने वाले ग्रामीणों को हर वक्त सांड के हमले का डर बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार रास्तों पर सांडों के जमावड़े के कारण लोगों को अपना रास्ता बदलना पड़ता है।

प्रशासन से लगाई गुहार

समस्या से परेशान ग्रामीणों ने अब दादरी के उपजिलाधिकारी से शिकायत की है। उन्होंने गांव में घूम रहे आवारा सांडों और अन्य पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। उनका आरोप है कि लगातार शिकायत और परेशानी के बावजूद अब तक आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए प्रभावी अभियान नहीं चलाया गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर गांव को आवारा पशुओं के आतंक से मुक्त कराने की मांग की है, ताकि लोग बिना डर के अपने घरों से बाहर निकल सकें।

ये भी पढ़ें: परी चौक पर जाम से मिलेगी निजात, वाहनों का दबाव कम करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बनाया यू टर्न

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »