JP Wish Town Noida: नोएडा के सेक्टर-128 स्थित जेपी विशटाउन के निवासी शेयर एरिया मेंटेनेंस (SAM) चार्ज और बदहाल सुविधाओं को लेकर पिछले सात दिनों से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। मांगें पूरी नहीं होने पर निवासियों ने अब भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी है। उनका आरोप है कि जेपी विशटाउन का अधिग्रहण करने के बाद सुरक्षा ग्रुप ने दूसरी बार मेंटेनेंस चार्ज में भारी बढ़ोतरी कर दी है। मेंटेनेंस चार्ज पर बढ़ता आक्रोश सबसे ज्यादा नाराजगी शेयर एरिया मेंटेनेंस (SAM) को लेकर है। निवासियों का कहना है कि बाहरी सड़कों और साझा क्षेत्रों का इस्तेमाल पीछे बनी व्यावसायिक इमारतों और आसपास के गांवों के लोग भी करते हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों के रखरखाव का पूरा आर्थिक बोझ सिर्फ जेपी विशटाउन के निवासियों पर क्यों डाला जा रहा है? सुविधाओं की बदहाली का जिक्र करते हुए निवासियों ने आरोप लगाया कि बिल्डर मेंटेनेंस के नाम पर मोटी रकम वसूल रहा है, लेकिन इमारतों की हालत जर्जर होती जा रही है। खास तौर पर कॉसमॉस सोसाइटी में प्लास्टर उखड़कर गिर रहा है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। प्राधिकरण से लगाई गुहार प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगों में अनुचित शेयर एरिया मेंटेनेंस चार्ज को तत्काल वापस लेना और जर्जर इमारतों की मरम्मत कराना शामिल है। निवासियों ने साफ किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका अनिश्चितकालीन प्रदर्शन जारी रहेगा। इस विवाद को लेकर निवासियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी समस्याएं भी रखीं। मामले का संज्ञान लेते हुए प्राधिकरण ने सुरक्षा ग्रुप को पत्र लिखकर जवाब मांगा है कि निवासियों पर इस तरह के मेंटेनेंस चार्ज क्यों लगाए जा रहे हैं। बिल्डर के खिलाफ बढ़ता आक्रोश निवासियों का कहना है कि प्राधिकरण की ओर से कार्रवाई किए जाने के बावजूद सुरक्षा ग्रुप ने अब तक कोई आधिकारिक जवाब नहीं दिया है और न ही उन्हें राहत मिली है। बिल्डर की कथित अनदेखी से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। निवासियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक मेंटेनेंस चार्ज में बढ़ोतरी का फैसला वापस नहीं लिया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा। ये भी पढ़ें: एक्सप्रेसवे के अंडरपास की हालत खराब? निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल