Yamuna Expressway: ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के सामने घरबरा गांव के अंडरपास की हालत को लेकर चिंता बढ़ गई है। यहां अंडरपास की छत से सीमेंट के बड़े-बड़े टुकड़े टूटकर नीचे गिर रहे हैं। कई जगह सरिया भी दिखाई देने लगा है। ऐसे में इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर मामले की शिकायत कर संबंधित अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है। सुबह अचानक गिरे सीमेंट के टुकड़े करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक और समाजसेवी प्रवीण भारतीय के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे घरबरा गांव के अंडरपास के नीचे सीमेंट के बड़े टुकड़े अचानक गिरने लगे। यह अंडरपास यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से लगभग पांच किलोमीटर दूर स्थित है। प्रवीण भारतीय का कहना है कि घटना के समय वहां से कोई राहगीर नहीं गुजर रहा था। यदि उसी वक्त कोई व्यक्ति या वाहन नीचे से निकल रहा होता, तो गंभीर हादसा हो सकता था। उन्होंने दावा किया कि सीमेंट के टुकड़े लगातार गिर रहे हैं, जिससे अंडरपास से आवागमन करने वालों के लिए खतरा पैदा हो गया है। निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल प्रवीण भारतीय ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे को शुरू हुए करीब 15 साल हो चुके हैं। इतने समय बाद अंडरपास की छत से सीमेंट का टूटकर गिरना निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने निर्माण के दौरान घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर अंडरपास की स्थिति की जांच कराने की मांग की है। जांच और कार्रवाई की मांग करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने भी इस घटना पर चिंता जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। संगठन का कहना है कि सक्षम एजेंसी से निर्माण और रखरखाव की जांच कराई जाए तथा लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो। अब सवाल यह है कि अंडरपास की मरम्मत और सुरक्षा के लिए संबंधित विभाग कब कदम उठाएगा। फिलहाल, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित हादसे को रोकने के लिए तत्काल निरीक्षण की मांग की जा रही है। रिपोर्ट- आमिर खान ये भी पढ़ें: बेटी के इलाज के लिए चाहिए थे पैसे बैंक पहुंचे तो उड़ गए होश… PNB घोटाले में बड़ा खुलासा!