उत्तर प्रदेश

30 अक्टूबर को स्कूल बंद! यूपी के इन दो जिलों में जारी हुआ आदेश

यूपी के गाजियाबाद में PET परीक्षा के चलते 30 अक्टूबर को कक्षा 1 से 12वीं तक स्कूल बंद रहेंगे। अलीगढ़ में भी सुरक्षा व्यवस्था सख्त की गई।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

UP School Holiday: उत्तर प्रदेश में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) के आयोजन को देखते हुए गाजियाबाद और अलीगढ़ में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त तरीके से कराने के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं। गाजियाबाद में 30 अक्टूबर को सभी बोर्डों के कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यालयों में शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, अलीगढ़ में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था सख्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

गाजियाबाद में 30 अक्टूबर को स्कूल बंद

पीईटी परीक्षा के मद्देनजर गाजियाबाद में 30 अक्टूबर को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी बोर्डों के स्कूल बंद रहेंगे। इस फैसले का उद्देश्य परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखना और परीक्षार्थियों को किसी तरह की परेशानी से बचाना है। छात्रों और अभिभावकों को सलाह है कि स्कूल से जुड़ी किसी अतिरिक्त सूचना के लिए संबंधित विद्यालय के संपर्क में रहें।

अलीगढ़ में दो दिन होगी परीक्षा

अलीगढ़ में पीईटी परीक्षा 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए अपर जिलाधिकारी नगर संगीता देवी की अध्यक्षता में 39 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक हुई। अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर नियमों का सख्ती से पालन कराने और व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए।

दो पालियों में परीक्षा

अलीगढ़ में परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। प्रत्येक पाली में 19,104 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।

चेकिंग से बायोमीट्रिक तक कड़ी निगरानी

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जाएगी। सामान निर्धारित क्लॉक रूम में जमा कराने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा और बायोमीट्रिक सत्यापन भी किया जाएगा। इसके अलावा, केंद्रों के आसपास फोटोकॉपी की दुकानें बंद रहेंगी। लाउडस्पीकर के जरिए जरूरी घोषणाएं कर परीक्षार्थियों को समय पर प्रवेश के लिए निर्देशित किया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलमुक्त तरीके से संपन्न कराना है। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे परीक्षा से पहले अपने केंद्र, समय और प्रवेश संबंधी निर्देशों की जानकारी जरूर जांच लें।

ये भी पढ़ें: डबल इंजन की डबल हार… अखिलेश ने कर डाला बड़ा दावा! यूपी MLC चुनाव में BJP की हार से गरमाई सियासत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »