Kanpur Crime: उत्तर प्रदेश में कानपुर के देवसढ़ गांव में शुक्रवार देर रात घर में घुसे बदमाशों ने लूटपाट के दौरान दंपति पर जानलेवा हमला कर दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पति पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं पत्नी को भी बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया गया। घायल दंपति को ग्रामीण एंबुलेंस से बिधनू सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने पति को मृत घोषित कर दिया। पत्नी की हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना की सूचना के बाद साढ़ और बिधनू पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन काफी देर तक दोनों थानों की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। अधिकारियों के पहुंचने के बाद घटना साढ़ थाना क्षेत्र में होने की पुष्टि हुई। पति-पत्नी पर हमला साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव निवासी 30 वर्षीय मुमताज उर्फ कल्लू पराग डेयरी की गाड़ी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। गांव से बाहर खेत में बने मकान में वह अपनी पत्नी शाहजहां और चार माह की बेटी के साथ रहता था। शुक्रवार देर रात दो बदमाश घर में घुस आए। दंपति ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने हमला कर दिया। पास में रखी कुल्हाड़ी उठाकर बदमाशों ने मुमताज के सिर और शरीर पर कई वार कर दिए। पति को बचाने पहुंची शाहजहां के साथ भी मारपीट की गई। घायल पत्नी अस्पताल रेफर हमले के दौरान शाहजहां किसी तरह बदमाशों से बचकर गांव की ओर भागी। उसने ग्रामीण मन्नी सिंह और जयकरन साहू को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ दंपति को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने आनन-फानन में दोनों को एंबुलेंस की मदद से बिधनू सीएचसी पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मुमताज को मृत घोषित कर दिया। वहीं शाहजहां और चार माह की मासूम बच्ची को गंभीर हालत में कानपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल शाहजहां से भी घटना के संबंध में जानकारी ली। काफी देर तक उलझती रही पुलिस घटना की सूचना मिलने के बाद बिधनू और साढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों थानों की पुलिस काफी देर तक यह तय करने में लगी रही कि घटनास्थल किस थाना क्षेत्र में आता है। करीब पौन घंटे तक सीमा विवाद चलता रहा। मामला अधिकारियों तक पहुंचने के बाद घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के बाद घटनास्थल साढ़ थाना क्षेत्र में पाया गया। इसके बाद साढ़ पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंचकर जुटाई जानकारी दंपति पर हमले की जानकारी मिलते ही कानपुर डीसीपी साउथ दीपेन्द्र नाथ चौधरी, एडीसीपी साउथ सुमित रामटेके और एसीपी कृष्णकांत पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण करने के साथ ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला से भी घटना की जानकारी ली। डॉग स्क्वायड ने गांव के एक घर तक पहुंचाया सुराग घटना की जांच के लिए डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। जांच के दौरान डॉग पहले बिधनू नहर की तरफ गया और इसके बाद घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर देवसढ़ गांव में बीरेन्द्र सिंह के घर में पहुंच गया। पुलिस ने घर में रहने वाले बीरेन्द्र सिंह और उनकी पत्नी से पूछताछ की। बताया गया कि बीरेन्द्र अपनी पत्नी के साथ घर में रहते हैं, जबकि उनके बेटे नौकरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित डीसीपी साउथ दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि घटना में घायल युवक की मौत हो गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बदमाशों की तलाश और घटना के खुलासे के लिए स्वाट, सर्विलांस समेत पुलिस की पांच टीमें लगाई गई हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। ये भी पढ़ें: दो कारों से मिला 219.5 किलो गांजा, कानपुर पुलिस ने तोड़ा तस्करी नेटवर्क