उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र के देवीपुर डेरा गांव में सात वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। रविवार शाम घर से लापता हुए मासूम का शव तलाश के बाद बरामद हुआ। परिजनों की नामजद तहरीर पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। मासूम की मौत से मातम देवीपुर डेरा गांव निवासी हुकम सिंह का सात वर्षीय पुत्र सूर्यांश रविवार देर शाम अचानक घर से लापता हो गया। परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद मासूम का शव बरामद होने से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया। आरोपी से पूछताछ जारी पुलिस के मुताबिक मृतक के परिजनों ने नामजद तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है। ये भी पढ़ें: खुले नाले ने छीनी मासूम की जान, नगर पंचायत की लापरवाही पर उठे सवाल