उत्तर प्रदेशकानपुर देहात

खुले नाले ने छीनी मासूम की जान, नगर पंचायत की लापरवाही पर उठे सवाल

कानपुर देहात के रसूलाबाद में खुले नाले में गिरने से तीन वर्षीय रियांश की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।

Reported by Manish Mishra and edited by Shagun Chaurasia

Open Drain Accident: उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात के रसूलाबाद में नगर पंचायत की कथित लापरवाही ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली। विकास नगर मोहल्ले में घर के सामने खेल रहा 3 वर्षीय रियांश खुले नाले में गिर गया। परिजन और स्थानीय लोग उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और लोगों में भारी आक्रोश है।

खुले नाले ने ली जान

मृतक रियांश, विकास नगर निवासी राजू का तीन वर्षीय पुत्र था। रविवार देर रात वह घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे बने गहरे खुले नाले में गिर गया। जब तक लोगों को घटना की जानकारी हुई और बच्चे को बाहर निकाला गया, तब तक काफी देर हो चुकी थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह नाला लंबे समय से खुला पड़ा है। कई बार नगर पंचायत से इसे स्लैब से ढकने की मांग की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले इसी नाले में एक भैंस भी गिर गई थी और कई बच्चे भी पहले इसमें गिर चुके हैं, जिन्हें समय रहते बचा लिया गया था।

प्रशासन पर उठे सवाल

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और कस्बे के सभी खुले नालों को तत्काल ढकने की मांग की है। रसूलाबाद में एक मासूम की मौत ने खुले नालों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस घटना से सबक लेकर जिम्मेदारी तय करता है या नहीं।

ये भी पढ़ें: झींझक बिजलीघर में सुंदरकांड पाठ, बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों का अनोखा विरोध

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »