Jhinjhak Power Cut: उत्तर प्रदेश में जनपद कानपुर देहात के झींझक कस्बे में अघोषित बिजली कटौती से परेशान रसूलाबाद फीडर से जुड़े 32 गांवों के ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार देर रात झींझक विद्युत उपकेंद्र पर फूट पड़ा। भीषण गर्मी के बीच रात करीब 10:30 बजे बिजली गुल होने से नाराज ग्रामीण बड़ी संख्या में बिजलीघर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी भाजपा जिला उपाध्यक्ष केपी सिंह के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध के अनोखे तरीके के तहत उपकेंद्र परिसर में बैठकर सुंदरकांड का पाठ शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि करियाझाला गांव के पास रसूलाबाद फीडर की लाइन बीच में काटकर आपूर्ति की जा रही थी, जिससे आगे के गांवों तक बिजली नहीं पहुंच रही थी, जबकि उपकेंद्र पर फीडर चालू दिखाया जा रहा था। विरोध का बड़ा असर मामले की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक पूनम संखवार ने विद्युत अधिकारियों से नाराजगी जताई और तत्काल आपूर्ति बहाल कराने के निर्देश दिए। इसके बाद विभाग सक्रिय हुआ और रात करीब 12:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिसके बाद ग्रामीण अपने घर लौटे। झींझक के जेई रंगलाल पाल ने बताया कि रसूलाबाद फीडर में ओवरलोड और फॉल्ट आने के कारण सप्लाई बाधित हुई थी। फॉल्ट दूर करने के बाद बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि अघोषित कटौती और आपूर्ति संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ये भी पढ़ें: भीषण आग से किसान की गृहस्थी राख, बुजुर्ग मां को ग्रामीणों ने बचाया