Shivli Fire Incident || Kanpur Dehat || Farmer house fire || UP News: उत्तर प्रदेश के शिवली में कानपुर देहात के मैथा तहसील क्षेत्र के रावतपुर गांव में बुधवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लगी भीषण आग ने एक किसान परिवार की पूरी गृहस्थी जलाकर राख कर दी। आग की चपेट में नगदी, अनाज, रजाई-गद्दे समेत घर का सारा सामान स्वाहा हो गया। ग्रामीणों की सूझबूझ से छप्पर के नीचे आराम कर रही मंद दृष्टि बुजुर्ग महिला को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। कैसे लगी आग? जानकारी के अनुसार रावतपुर गांव निवासी किसान अखिलेश यादव पुत्र शिव कुमार अपनी मां राजरानी के साथ टीनशेड व छप्पर के नीचे जीवन यापन करते हैं। बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे अखिलेश बाजार गया हुआ था, जबकि उसकी मां छप्पर के नीचे आराम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक अज्ञात कारणों से छप्पर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। धुआं और आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर दौड़े और सबसे पहले अंदर फंसी मंद दृष्टि बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक परिवार की पूरी गृहस्थी जल चुकी थी। आग ने जला दिया सब पीड़ित किसान के अनुसार आग में करीब 15 पैकेट गेहूं, तीन कुंतल लाही, 32 हजार रुपये नकद, रजाई-गद्दे व अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना से किसान को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना पर फायर ब्रिगेड टीम भी पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था। घटना के बाद परिवार सदमे में है और प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगा रहा है। वहीं राजस्व लेखपाल मोहित कनौजिया को घटना की सूचना दे दी गई है। खबर लिखे जाने तक लेखपाल मौके पर नहीं पहुंचे थे। एसडीएम मैथा श्याम नारायण शुक्ला ने बताया कि आगजनी की सूचना मिली है। राजस्व टीम भेजकर क्षति का आंकलन कराया जाएगा और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद दिलाई जाएगी। ये भी पढ़ें: पुलिस का बड़ा एक्शन: मुठभेड़ में 20 मुकदमों वाला शातिर लुटेरा घायल, पैर में लगी गोली