उत्तर प्रदेशकानपुर

मरा समझकर आग में फेंका, फिर भी बच गई जान! सिर में 17 टांके, पैर झुलसा; कानपुर में युवक पर जानलेवा हमला ।

पुरानी रंजिश में पांच-छह लोगों ने युवक को लाठी-डंडों और चापड़ से पीटा, मरा समझकर आग में फेंकने का आरोप; सिर में लगे 17 टांके, पैर भी झुलसा

KANPUR NEWS : कानपुर के जाजमऊ से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां पुरानी रंजिश में कुछ लोगों ने एक युवक को घेरकर लाठी-डंडों और चापड़ से बेरहमी से पीटा। युवक जब गंभीर हालत में सड़क पर गिर पड़ा तो आरोप है कि हमलावर उसे मरा समझकर पास में जल रहे कूड़े के ढेर की आग में फेंककर फरार हो गए। लेकिन कुछ देर बाद घायल युवक को होश आया और उसने मदद के लिए चीख-पुकार शुरू कर दी।

मामला जाजमऊ थाना क्षेत्र के ओमपुरवा इलाके का है। घायल युवक की पहचान उन्नाव के गंगाघाट थाना क्षेत्र के मुख्तार नगर निवासी साहिल हुसैन के रूप में हुई है। साहिल ओमपुरवा में फर्नीचर बनाने का काम करता है।

मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे काम खत्म कर घर लौटते समय रास्ते में पांच से छह लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से उसके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए और चापड़ से भी हमला किया। गंभीर चोट लगने से साहिल सड़क पर गिर गया और उसके सिर से काफी खून बहने लगा।

आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने उसे मृत समझ लिया और पास में कूड़े के ढेर में जल रही आग में फेंक दिया। आग से उसका पैर झुलस गया। कुछ देर बाद होश आने पर साहिल ने दर्द से चीखते हुए लोगों से मदद मांगी। स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। साहिल के सिर में गंभीर चोट आई है और इलाज के दौरान डॉक्टरों ने करीब 17 टांके लगाए। उसका एक दांत भी टूट गया है, जबकि हाथ-पैर में चोटें आई हैं। परिजनों ने बाइक में तोड़फोड़ किए जाने का भी आरोप लगाया है।

पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया है। जाजमऊ थाना पुलिस के मुताबिक, पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पुरानी रंजिश और हमले में शामिल आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। वहीं, साहिल का अस्पताल में इलाज जारी है।

ये भी पढ़ें : मैं बहुत निराश हूं… NEET मुद्दे पर संसद में विपक्ष पर क्यों भड़के किरेन रिजिजू?

 


 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »