Kiren Rijiju: NEET विवाद को लेकर संसद में जारी गतिरोध खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। विपक्ष छात्रों के प्रदर्शन, कथित पुलिस ज्यादती और पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब की मांग कर रहा है। वहीं, सरकार का कहना है कि वह इस पूरे मामले पर सदन में खुली और विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वह मौजूदा स्थिति से बेहद निराश हैं। उनका कहना है कि सरकार खुद चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष सदन में बहस से पीछे हट रहा है। ऐसा पहली बार देखा रिजिजू ने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने पहली बार ऐसी स्थिति देखी है, जब सरकार विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए तैयार है और विपक्ष चर्चा में शामिल होने से इनकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि संसदीय लोकतंत्र में सामान्य तौर पर विपक्ष चर्चा की मांग करता है और सरकार उसका जवाब देती है। लेकिन इस मामले में सरकार बार-बार चर्चा की पेशकश कर रही है, फिर भी विपक्ष इसके लिए तैयार नहीं है। रिजिजू ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित स्थिति नहीं बताया। अमित शाह ने स्पीकर को लिखा पत्र रिजिजू के मुताबिक, इसी गतिरोध के बीच गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर NEET छात्र आंदोलन से जुड़े मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की है। शाह ने कहा है कि वह सदन में मौजूद रहेंगे और विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं।शाह ने अध्यक्ष से विपक्षी नेताओं से बातचीत कर चर्चा के लिए समय तय करने का अनुरोध किया है। उन्होंने यह भी बताया कि मौजूदा सत्र में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर पहले ही चर्चा हो चुकी है, लेकिन उस दौरान विपक्ष के किसी सदस्य ने NEET से जुड़ा मुद्दा नहीं उठाया था। विपक्ष की क्या है मांग? विपक्ष की मुख्य मांग 20 जुलाई को जंतर-मंतर के पास छात्रों के विरोध मार्च के दौरान कथित पुलिस ज्यादती और पैलेट गन के इस्तेमाल के आरोपों पर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की है। विपक्ष लगातार इस मामले में सरकार से जवाब मांग रहा है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या सरकार और विपक्ष के बीच बातचीत से संसद में जारी गतिरोध टूटेगा या NEET विवाद पर हंगामा आगे भी जारी रहेगा? ये भी पढ़ें: जंतर मंतर का सीजन-2 बहुत जल्द… अभिजीत दीपके का बड़ा ऐलान