Jantar Mantar Season 2: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर पर अपने अगले आंदोलन को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि ‘जंतर-मंतर का सीजन-2’ जल्द शुरू होने वाला है। हालांकि, इस बार आंदोलन किस मुद्दे को लेकर होगा, इसका खुलासा उन्होंने अभी नहीं किया है। अगले आंदोलन पर सस्पेंस बरकरार दीपके ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर लगातार लोग उनसे सवाल कर रहे थे कि जंतर-मंतर का दूसरा चरण कब शुरू होगा। इसी को लेकर उन्होंने कहा कि लोगों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। हालांकि, CJP के अगले आंदोलन के मुद्दे को लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है। इसे दीपके के हालिया बयान से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने गांवों के सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए देशव्यापी अभियान शुरू करने की बात कही थी। दिल्ली में बैठक के लिए नहीं मिला हॉल मीडिया से बातचीत में अभिजीत दीपके ने दावा किया कि दिल्ली में CJP वॉलंटियर्स की बैठक आयोजित की जानी थी। इसके लिए संगठन की ओर से एक हॉल की तलाश की जा रही थी, लेकिन कई जगहों पर उन्हें हॉल देने से इनकार कर दिया गया। दीपके का आरोप है कि हॉल मालिकों ने ‘ऊपर से दबाव’ होने की बात कही। उनके मुताबिक, काफी प्रयासों के बाद एक हॉल मिला और उसकी रसीद भी संगठन के पास है। लेकिन बैठक से पहले हॉल मालिकों को धमकियां मिलने का दावा किया गया। दीपके ने आरोप लगाया कि हॉल मालिकों से कहा गया कि यदि वहां बैठक होने दी गई तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। दीपके ने BJP पर लगाया आरोप अभिजीत दीपके ने इन कथित घटनाओं के लिए भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी युवाओं से डर रही है। उन्होंने दावा किया कि ऐसी कोशिशों से CJP पीछे हटने वाली नहीं है। CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने भी दिल्ली पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति क्या है और क्या पुलिस सभी नागरिकों के लिए समान रूप से काम कर रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जंतर-मंतर सीजन-2 कब शुरू होगा और इस बार CJP किस मुद्दे को आंदोलन का केंद्र बनाएगी। ये भी पढ़ें: संसद में अमित शाह का बड़ा दांव! स्पीकर को लिखी चिट्ठी, कहा- NEET मुद्दे पर हर सवाल का जवाब देने को तैयार