उत्तर प्रदेश

बारिश के बीच आधी रात ढहा कच्चा मकान, पति-पत्नी और मासूम बच्चे की मलबे में दबने से मौत

भारी बारिश के बीच लखीमपुर खीरी के रहमतपुर गांव में कच्चा मकान ढह गया। मलबे में दबकर पति-पत्नी और मासूम बच्चे की मौत से गांव में मातम छा गया।

Lakhimpur Kheri: उत्तरा प्रदेश के लखीमपुर खीरी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। नीमगांव थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव में रात के समय एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के वक्त परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। दीवार के मलबे में दबने से पति, पत्नी और उनके मासूम बच्चे की मौत हो गई।

आधी रात ढहा मकान

बताया जा रहा है कि रहमतपुर गांव निवासी परिवार रोज की तरह रात में खाना खाने के बाद अपने कच्चे मकान में सोने चला गया था। पिछले कुछ समय से लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की दीवारें कमजोर हो चुकी थीं। रात में अचानक मकान की एक मुख्य दीवार भरभराकर गिर गई। देखते ही देखते मलबा घर के अंदर सो रहे परिवार के ऊपर जा गिरा। हादसा इतना अचानक हुआ कि परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला। मलबे में दबने से तीनों की जान चली गई। सुबह जब आसपास के ग्रामीणों की नजर क्षतिग्रस्त मकान पर पड़ी तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी।

गांव में छाया मातम

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव की कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाया गया। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया। लगातार बारिश के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर कमजोर और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन की ओर से घटना की जानकारी जुटाई जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट- कमल के मिश्रा

ये भी पढ़ें: शंख एयर के लॉन्च से पहले IT रेड, लखनऊ-कानपुर में ठिकानों पर छापेमारी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »