Shankh Airlines: शंख एयरलाइंस के लॉन्च से पहले ही कंपनी से जुड़े परिसरों पर आयकर विभाग की कार्रवाई से हलचल बढ़ गई है। शुक्रवार को आयकर विभाग की टीमें लखनऊ और कानपुर में कंपनी के डायरेक्टर से जुड़े ठिकानों पर पहुंचीं और जांच शुरू की। लखनऊ में टीम ने गोमतीनगर स्थित शंख एयरलाइंस के डायरेक्टर श्रवण कुमार विश्वकर्मा के आवास और गोमतीनगर विस्तार स्थित उनके कार्यालय में जांच की। रिपोर्ट के मुताबिक, आयकर अधिकारी दो वाहनों से पहुंचे और परिसरों में दस्तावेजों की पड़ताल शुरू की। वित्तीय लेनदेन की जांच कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कंपनी से जुड़े वित्तीय दस्तावेजों और कारोबारी लेनदेन की जानकारी खंगाली। सूत्रों के अनुसार, जांच का फोकस कंपनी की आय के स्रोत, बैंक खातों और बड़े कारोबारी निवेश से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड पर बताया जा रहा है। कंपनी से जुड़े कारोबार और टर्नओवर को लेकर भी पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। जांच के दौरान कर्मचारियों के मोबाइल फोन और अन्य कारोबारी रिकॉर्ड भी अधिकारियों के दायरे में होने की बात कही जा रही है। निवेश के स्रोत पर नजर आयकर विभाग की कार्रवाई में कंपनी में लगाए गए बड़े निवेश की रकम के स्रोत की भी पड़ताल किए जाने की जानकारी है। इसके साथ बैंक खातों में हुए लेनदेन, आय-व्यय और कारोबारी गतिविधियों से जुड़े दस्तावेजों को देखा जा रहा है। हालांकि, जांच के दौरान अधिकारियों को क्या-क्या जानकारी या दस्तावेज मिले हैं, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। आयकर विभाग की ओर से इस कार्रवाई के संबंध में फिलहाल कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लॉन्च से पहले बढ़ी हलचल शंख एयरलाइंस को नागरिक उड्डयन मंत्रालय से NOC मिलने के बाद कंपनी अपनी उड़ान सेवाएं शुरू करने की तैयारी में थी। ऐसे समय में डायरेक्टर से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई ने कंपनी से जुड़े वित्तीय मामलों को चर्चा में ला दिया है। फिलहाल जांच जारी है और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि आयकर विभाग की पड़ताल में क्या तथ्य सामने आते हैं। ये भी पढ़ें: रायबरेली से अखिलेश का PDA रथ, कांग्रेस से बढ़ी सियासी दूरी? समझें क्या है पूरा खेल