Mahoba Temple Murder: महोबा में कुलपहाड़ क्षेत्र के बेलाताल स्थित ऐतिहासिक बेलासागर घाट पर बने फूलबाग हनुमान मंदिर में शनिवार सुबह पुजारी की हत्या से सनसनी फैल गई। मंदिर के अंदर पुजारी का रक्तरंजित शव फर्श पर पड़ा मिला। मृतक के गले पर धारदार हथियार के निशान हैं। मृतक की पहचान उदय भान के रूप में हुई है। वे पिछले 20 वर्षों से इसी मंदिर में रहकर पूजा-पाठ कर रहे थे। खून से लथपथ पुजारी सुबह पूजा के समय स्थानीय लोगों के अनुसार रोज की तरह श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे तो मुख्य द्वार अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने खिड़की से झांककर देखा तो पुजारी का शव खून से लथपथ पड़ा था। सूचना मिलते ही कुलपहाड़ थाना पुलिस और आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मंदिर परिसर को सील कर दिया गया है। 20 वर्षों की सेवा जांच में सामने आया कि मृतक उदय भान मूल रूप से हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अमगांव गांव के निवासी थे। करीब दो दशक पहले वे बेलासागर घाट स्थित इस हनुमान मंदिर में आकर रहने लगे थे। मंदिर की साफ-सफाई से लेकर रोजाना की पूजा तक सभी जिम्मेदारी वही संभालते थे। क्षेत्र में वे मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। पुलिस जांच तेज कुलपहाड़ थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई प्रतीत होती है। मंदिर में लूटपाट हुई है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे और रात में आने-जाने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने कहा है कि हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुरानी रंजिश, लूट या किसी अन्य विवाद के एंगल से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।" घटना के बाद बेलाताल और आसपास के गांवों में आक्रोश है। बड़ी संख्या में लोग मंदिर के बाहर जमा हो गए। श्रद्धालुओं ने जल्द से जल्द दोषियों को पकड़ने की मांग की है। प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है ताकि माहौल न बिगड़े। ये भी पढ़ें: 7 अगस्त को हर गांव-हर वार्ड में मनाया जाएगा ‘हरिशंकरी वृक्षारोपण उत्सव, विकास भवन में बैठक सम्पन्न