Noida Airport Update: उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने संचालन शुरू होने के महज एक महीने के भीतर ही अपनी मजबूत पहचान बनानी शुरू कर दी है। शुरुआती दौर में ही एयरपोर्ट ने यात्रियों और एयरलाइंस का भरोसा जीतते हुए कनेक्टिविटी और फ्लाइट संचालन के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 15 शहरों से कनेक्टिविटी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (यापल) के आंकड़ों के मुताबिक, संचालन के पहले महीने में एयरपोर्ट से उड़ानों की संख्या में करीब 2.6 गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, अलग-अलग शहरों से इसकी कनेक्टिविटी भी बढ़कर तीन गुना हो गई है। शुरुआत में जहां कुछ चुनिंदा शहरों के लिए उड़ानें थीं, वहीं अब एयरपोर्ट 15 शहरों से जुड़ चुका है। चार हफ्तों में बदली तस्वीर नोएडा एयरपोर्ट के संचालन के पहले सप्ताह में कुल 86 उड़ानों का आगमन और प्रस्थान दर्ज किया गया था। शुरुआती दिनों में इंडिगो और अकासा एयर ने पांच शहरों के लिए सेवाएं शुरू की थीं। दूसरे सप्ताह में उड़ानों की संख्या बढ़कर 88 पहुंच गई। इसके बाद एयरपोर्ट नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ। तीसरे सप्ताह में कनेक्टिविटी 15 शहरों तक पहुंच गई और फ्लाइट संचालन का आंकड़ा बढ़कर 201 हो गया। चौथे सप्ताह में उड़ानों की संख्या 224 तक पहुंच गई। 15 जून से 13 जुलाई के बीच एयरपोर्ट पर कुल 599 उड़ानों का संचालन हुआ। बढ़ा यात्रियों का भरोसा एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में भी लगातार इजाफा देखने को मिला है। जून में केवल 15 दिनों के भीतर 27,841 यात्रियों ने नोएडा एयरपोर्ट का इस्तेमाल किया था, जबकि जुलाई में 13 जुलाई तक ही यह संख्या बढ़कर 33,446 पहुंच गई। एक महीने के दौरान करीब 18,242 यात्रियों ने नोएडा एयरपोर्ट से अपनी यात्रा शुरू की, जबकि 18,089 यात्री यहां पहुंचे। इसके अलावा 11,732 यात्रियों ने फ्लाइट बदलने के लिए एयरपोर्ट का इस्तेमाल किया और 13,042 यात्रियों ने ट्रांजिट यात्री के रूप में यहां से आगे की यात्रा पूरी की। रोजाना तीन हजार के करीब यात्री एयरपोर्ट पर दैनिक यात्री संख्या में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। 15 जून को जहां 1,427 यात्रियों ने सफर किया था, वहीं जुलाई में यह आंकड़ा तेजी से बढ़ा। 10 जुलाई को सबसे ज्यादा 3,255 यात्रियों ने नोएडा एयरपोर्ट का इस्तेमाल किया। इसके बाद भी रोजाना करीब तीन हजार यात्रियों की आवाजाही बनी हुई है। यीडा के एसीईओ और नोएडा एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया ने कहा कि एयर ट्रैफिक बढ़ने के साथ यात्रियों की सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। एयरलाइंस लगातार नए शहरों को जोड़ने की दिशा में काम कर रही हैं। भविष्य में और मजबूत होगी कनेक्टिविटी नोएडा एयरपोर्ट को क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय हब के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। रोजाना करीब 32 उड़ानों का संचालन हो रहा है। आने वाले समय में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे इंटरचेंज शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर और आसपास के शहरों से एयरपोर्ट पहुंचना और आसान हो जाएगा। यमुना सिटी में बढ़ते औद्योगिक विकास, निवेश और बेहतर सड़क नेटवर्क के साथ नोएडा एयरपोर्ट आने वाले वर्षों में देश के प्रमुख एविएशन हब में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। शुरुआती एक महीने के आंकड़े इसकी मजबूत शुरुआत की कहानी बयां कर रहे हैं। ये भी पढ़ें: Amrapali Silicon City : लंदन में बेटा, बाली में बेटी… नोएडा के फ्लैट में अकेले मिले बुजुर्ग के शव ने चौंकाया