उत्तर प्रदेशनोएडा

बीमा पॉलिसी के नाम पर लाखों की ठगी का खेल बेनकाब, दो साइबर ठग गिरफ्तार

नोएडा साइबर क्राइम पुलिस ने बीमा पॉलिसी के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी 10 लाख की ठगी कर चुके थे, पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से कार्रवाई की।

Noida Cyber Crime: बीमा पॉलिसी में ज्यादा मुनाफे का लालच देकर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ नोएडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने बीमा फ्रॉड से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई खुफिया जानकारी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर की। दोनों आरोपियों को नोएडा से पकड़ा गया है।

लालच देकर ठगी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को बड़ी और प्रतिष्ठित बीमा कंपनियों का एजेंट बताकर लोगों से संपर्क करते थे। वे पीड़ितों को बीमा पॉलिसी में ज्यादा रिटर्न और बेहतर फायदे का झांसा देते थे। भरोसा जीतने के बाद उनसे अलग-अलग खातों में पैसे जमा कराए जाते थे। रकम मिलने के बाद आरोपी मोबाइल सिम तोड़कर फेंक देते थे और संपर्क खत्म कर देते थे।

सात राज्यों में शिकायतें

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल कर अब तक करीब 10 लाख रुपये की साइबर ठगी की है। जांच के दौरान पुलिस ने इनके पास से एक लैपटॉप, चार स्मार्टफोन और चार की-पैड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा, आरोपियों से जुड़े बैंक खातों के खिलाफ नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर तमिलनाडु, महाराष्ट्र और ओडिशा में सात शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

अनजान कॉल से सतर्क

नोएडा पुलिस ने लोगों को सतर्क करते हुए अपील की है कि बीमा पॉलिसी के नाम पर आने वाले अनजान कॉल और मैसेज पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी अज्ञात खाते में पैसे भेजने से बचें और OTP, UPI PIN, CVV जैसी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें।

ये भी पढ़ें: नोएडा बॉर्डर पर हाई अलर्ट, दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर शुरू की सघन चेकिंग

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »